दिल्ली-तिरुवनंतपुरम राजधानी एक्सप्रेस सोमवार से गोवा में नहीं रुकेगी: सावंत
उन्होंने कहा कि संक्रमितों में शामिल कुछ लोग इसी ट्रेन से गोवा पहुंचे थे।
पणजी, 17 मई गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा कि सोमवार से दिल्ली-तिरुवनंतपुरम राजधानी एक्सप्रेस राज्य में नहीं रुकेगी। राज्य में पिछले कुछ दिनों में 18 लोगों को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया है।
उन्होंने कहा कि संक्रमितों में शामिल कुछ लोग इसी ट्रेन से गोवा पहुंचे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में कोविड-19 के अभी 18 मामले हैं। राज्य में प्रवेश करते ही इन मामलों का पता चल गया, इससे पहले कि ये मरीज अन्य लोगों के संपर्क में आ पाते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि दिल्ली राजधानी ट्रेन से गोवा आने के बाद यात्रियों के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने की घटनाएं बढ़ रही हैं, इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि यह ट्रेन सोमवार से मडगांव रेलवे स्टेशन पर नहीं रुकेगी।’’
शनिवार को राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन से 280 से अधिक यात्री पहुंचे, जबकि रविवार को 368 यात्री आए।
सावंत ने हालांकि कहा कि तिरुवनंतपुरम और दिल्ली के बीच चलने वाली निजामुद्दीन एक्सप्रेस मडगांव रेलवे स्टेशन पर रुकती रहेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने देखा है कि निजामुद्दीन एक्सप्रेस से आने वाले यात्रियों में से किसी को भी अभी तक संक्रमित नहीं पाया गया है। इसके अलावा, मडगांव रेलवे स्टेशन पर बहुत कम लोग इस ट्रेन से उतरते हैं।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक कोविड-19 के सामुदायिक प्रसार का कोई मामला सामने नहीं आया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2020 09:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

