देश की खबरें | दिल्ली: गलत शिकार पर हमला कर फरार हुआ सुपारी लेकर हत्या करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने सुपारी लेकर हत्या करने वाले 37 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या के लिए उसे सुपारी दी गई थी लेकिन उसने गलती से एक निर्दोष पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 10 मार्च दिल्ली पुलिस ने सुपारी लेकर हत्या करने वाले 37 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। संपत्ति विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या के लिए उसे सुपारी दी गई थी लेकिन उसने गलती से एक निर्दोष पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रहने वाले आरोपी जयबीर शौकीन पालम पुलिस थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित था और उसे बाद में घोषित अपराधी करार दिया गया था।

यह मामला हरियाणा के रेवाड़ी निवासी नरेन्द्र और उसके पड़ोसी अमित के बीच लंबे समय से चले आ रहे संपत्ति विवाद से जुड़ा था।

अपराध शाखा के उपायुक्त (डीसीपी) आदित्य गौतम ने बताया कि नरेन्द्र ने अमित की हत्या की साजिश रची और इसके लिए शौकीन को सुपारी दी।

हत्या को अंजाम देने के लिए, शौकीन और उसके साथी एक सितंबर 2023 को पालम रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, लेकिन गलत पहचान के चलते उन्होंने रेवाड़ी निवासी एक निर्दोष राहगीर रितेश पर जानलेवा हमला कर दिया।

डीसीपी ने बताया, "हमलावरों को जब अपनी गलती का एहसास हुआ तो वे मौके से फरार हो गए जबकि रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। जांच के दौरान, पुलिस ने अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन शौकीन फरार रहा।"

पुलिस को सूचना मिली थी कि शौकीन रविवार को पालम गांव में अपनी पत्नी से मिलने आ सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, शौकीन ने सितंबर में किए गए अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन, धोखाधड़ी और संपत्ति से जुड़े अपराधों सहित 13 मामलों में संलिप्त रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\