देश की खबरें | दिल्ली : अस्पताल का लाइसेंस हो चुका था समाप्त, दमकल विभाग का अनापत्ति पत्र भी नहीं था

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी दिल्ली के जिस निजी अस्पताल में आग लगने से सात शिशुओं की मौत हो गयी, वह लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बावजूद संचालित हो रहा था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 26 मई पूर्वी दिल्ली के जिस निजी अस्पताल में आग लगने से सात शिशुओं की मौत हो गयी, वह लाइसेंस की अवधि समाप्त होने के बावजूद संचालित हो रहा था। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में योग्य डॉक्टर भी नहीं थे और इसके पास अग्निशमन विभाग का अनापत्ति पत्र भी नहीं था।

पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) सुरेंद्र चौधरी ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) द्वारा ‘बेबी केयर न्यू बोर्न चाइल्ड हॉस्पिटल’ को जारी किया गया लाइसेंस 31 मार्च को ही समाप्त हो चुका है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यहां तक कि उक्त अस्पताल को जारी किया गया लाइसेंस भी केवल पांच बिस्तरों की ही अनुमति देता है।’’

चौधरी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान, हमें पता चला कि इस अस्पताल के डॉक्टर गहन देखभाल की आवश्यकता वाले नवजात शिशुओं के इलाज के लिए योग्य/सक्षम नहीं हैं, क्योंकि वे केवल बीएएमएस डिग्री धारक हैं।’’

पुलिस ने कहा कि अस्पताल में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए वहां कोई अग्निशामक यंत्र नहीं लगाया गया था और इसके अलावा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में अस्पताल में कोई आपातकालीन निकास भी नहीं था।

इस बीच, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल ने विभाग से कोई एनओसी नहीं ली है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\