‘दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल’ का आयोजन अगले साल 28 जनवरी से 26 फरवरी के बीच होगा: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बताया कि शहर में अगले साल 28 जनवरी से 26 फरवरी के बीच ‘दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल’ का आयोजन किया जाएगा और यह देश का ऐसा सबसे बड़ा महोत्सव होगा.
नयी दिल्ली, 6 जुलाई : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बुधवार को बताया कि शहर में अगले साल 28 जनवरी से 26 फरवरी के बीच ‘दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल’ का आयोजन किया जाएगा और यह देश का ऐसा सबसे बड़ा महोत्सव होगा. उन्होंने बताया कि इसमें देश के साथ-साथ विदेशों से भी लोग शिरकत करेंगे और दिल्ली, उसकी संस्कृति, भोजन के बारे में जानने के साथ ही खरीदारी का लुत्फ़ उठाएंगे. इस आयोजन से रोजगार के हजारों अवसर पैदा होंगे. केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार इस दौरान दिल्ली आने वाले लोगों को विशेष ‘पैकेज’ उपलब्ध कराने के लिए कई होटलों और विमानन कंपनियों से बात कर रही है.
मुख्यमंत्री ने एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ यह भारत का सबसे बड़ा ‘शॉपिंग फेस्टिवल’ होगा और आने वाले कुछ वर्षों में हम इसे दुनिया का सबसे बड़ा ‘शॉपिंग फेस्टिवल’ बनाएंगे. इस दौरान दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा और उत्पादों पर भारी छूट भी दी जाएगी.’’ इस साल अपने रोज़गार बजट के तहत, केजरीवाल सरकार ने 250 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ ‘दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल’ और ‘होलसेल शॉपिंग फेस्टिवल’ आयोजित करने की घोषणा की थी. उन्होंने बताया कि इसमें आध्यात्मिकता, स्वास्थ्य, मनोरंजन तथा अन्य विषयों से जुड़ी कई प्रदर्शनियां भी होंगी. इसमें दुनिया भर से कलाकार आएंगे और 30 दिनों में संगीत एवं मनोरंजन के करीब 200 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. यह भी पढ़ें :आगा खां संग्रहालय ने हटाई वृत्तचित्र ‘काली’ की प्रस्तुति, हिंदुओं के आहत होने पर खेद जताया
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इसके लिए विशेष उद्घाटन तथा समापन समारोह होगा और आगंतुकों के मनोरंजन के लिए करीब 200 संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. दिल्ली अपने भोजन के लिए मशहूर है, इसलिए विशेष ‘फूड वॉक’ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय तथा राष्ट्रीय रेस्तरां की भागीदारी होगी.’’ केजरीवाल ने कहा कि ‘दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल’ में बुजुर्ग, युवा, बच्चे, अमीर, गरीब और मध्यम वर्ग सहित समाज के हर वर्ग के लिए ‘‘ऑफर’’ होंगे. इस दौरान शहर के बाजारों और दुकानों को सजाया जाएगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2022 03:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

