एजेंसी न्यूज

दिल्ली पुलिस ने जामा मस्जिद के बाहर विरोध प्रदर्शन के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की

पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए यहां जामा मस्जिद के बाहर शुक्रवार को किये गए प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है.

दिल्ली पुलिस ने जामा मस्जिद के बाहर विरोध प्रदर्शन के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की
दिल्ली पुलिस (Photo Credits: Twitter)

नयी दिल्ली, 11 जून : पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग करते हुए यहां जामा मस्जिद के बाहर शुक्रवार को किये गए प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. शुक्रवार की नमाज के बाद मस्जिद की सीढ़ियों पर भारी मात्रा में लोगों की भीड़ एकत्र हुई थी और शर्मा तथा दिल्ली भाजपा के पूर्व मीडिया प्रमुख नवीन जिंदल के विरोध में तख्तियां प्रदर्शित की गई थीं. पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध शुक्रवार को एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है.

डीसीपी ने शुक्रवार को कहा था, “शुक्रवार की नमाज के लिए मस्जिद पर लगभग डेढ़ हजार लोग एकत्र हुए थे. नमाज पूरी होने के बाद कुछ लोग बाहर आए और तख्तियां प्रदर्शित करने लगे तथा नारे लगाने लगे. बाद में कुछ और लोग जुड़ गए और संख्या तीन सौ के करीब पहुंच गई.” चौहान ने कहा था, “शुक्रवार की नमाज के दौरान जामा मस्जिद पर हमेशा पुलिस तैनात रहती है. प्रदर्शनकारियों को 10 से 15 मिनट के भीतर तितर-बितर कर दिया गया और स्थिति शांतिपूर्ण है. यह भी पढ़ें : कोलकाता : बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या के मामले में दो और गिरफ्तार

घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हमने कुछ शरारती तत्वों की पहचान की है और हमारे दल अन्य की पहचान कर रहे हैं.” जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने विरोध विरोध प्रदर्शन से किनारा कर लिया है. उन्होंने कहा, “किसी को नहीं पता कि प्रदर्शन करने वाले लोग कौन थे.” उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए.

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2022 01:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).