नयी दिल्ली, सात मई दिल्ली पुलिस के जवान अमित कुमार का बृहस्पतिवार को यहां अंतिम संस्कार किया गया। 31-वर्षीय कुमार की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गयी थी।
पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कुमार राष्ट्रीय राजधानी के पहले पुलिसकर्मी थे जिनकी कोरोना वायरस के कारण मौत हो गयी। वह भारत नगर थाने में तैनात थे।
कुमार की तबियत बिगड़ने पर मंगलवार को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया था।
कुमार के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे और बुधवार को उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुयी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके निधन पर शोक जताया और घोषणा की कि कुमार के परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी रेंज) मनीष अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) विजयंत आर्य और जिले के अन्य अधिकारियों ने कुमार को पंजाबी बाग श्मशान में अंतिम विदाई दी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कुमार के परिवार के सदस्यों से बातचीत की और दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY