देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर यातायात संबंधी परामर्श जारी किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी.

नयी दिल्ली, 11 अगस्त दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर राजधानी में वाहनों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को यातायात संबंधी परामर्श जारी किए।

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी किए गए परामर्श के मुताबिक लाल किले के आसपास तड़के चार बजे से सुबह 10 बजे तक आम लोगों के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे।

पुलिस के परामर्श के मुताबिक नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और नेताजी सुभाष मार्ग की ओर जाने वाला इसका लिंक रोड, राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड और आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर तक बाहरी रिंग रोड समेत कुल आठ सड़कें आम लोगों के वाहनों के लिए बंद रहेंगी।

नोएडा, लोनी, सिंघू, गाजीपुर, बदरपुर, साफिया, महाराजपुर, आया नगर, औचंदी, सूर्य नगर, रजोकरी, ढांसा, अप्सरा, कालिंदी कुंज, झाड़ौदा, भोपुरा, लाल कुआं पुल प्रह्लाद पुर और टिकरी बॉर्डर वाणिज्यिक और परिवहन वाहनों के लिए शुक्रवार को रात 10 बजे से शनिवार सुबह 11 बजे तक बंद रहेंगे। इसी प्रकार यह रास्ते रविवार और सोमवार को भी बंद रहेंगे।

कौड़िया पुल/लाल किला/पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली बसें आईएसबीटी पुल (युधिष्ठिर सेतु) के माध्यम से संचालित होंगी और मोरी गेट यू-टर्न के पास बुलेवार्ड रोड पर समाप्त होंगी।

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला, भाई मति दास चौक (फव्वारा), मोरी गेट, आईएसबीटी, प्रगति मैदान और अंबेडकर स्टेडियम टर्मिनल तक जाने वाली सभी बसें तुर्कमान गेट आसफ अली रोड तक ही जाएंगी।

रवि कांत नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now