नयी दिल्ली, छह सितंबर दिल्ली पुलिस ने चहल्लुम जुलूस से पहले बुधवार को यातायात परामर्श जारी किया और इस धार्मिक आयोजन के मद्देनजर लोगों को मेट्रो से यात्रा करने की सलाह दी है।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
शिया मुस्लिम समुदाय द्वारा दिल्ली में बृहस्पतिवार को चहल्लुम मनाया जाएगा। पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की शहादत की याद में मुहर्रम के 40वें दिन चहल्लुम मनाया जाता है।
इस बार जी20 शिखर सम्मेलन के चलते चहल्लुम का मुख्य जुलूस बुधवार को सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर पहाड़ी भोजला से शुरू हुआ। इस जुलूस में लोग ताजिया और आलम लेकर चलते हैं।
यह जुलूस आगे उत्तरी दिल्ली में चितली कबर, मटिया महल, जामा मस्जिद, हौज काजी, अजमेरी गेट, पहाड़गंज पुल, चेम्सफोर्ड रोड और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से होते हुए दरगाह शाह-ए-मर्दन और बाद में कर्बला तक जाएगा।
परामर्श के अनुसार, इसके बाद दफनाने के लिए जुलूस कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, संसद मार्ग, पटेल चौक, संसद मार्ग, रफी मार्ग, रेल भवन, कर्त्तव्य पथ/रफी मार्ग क्रॉसिंग, सुनहरी बाग रोड, कृष्णा मेनन मार्ग, गोल मेथी गोल चक्कर, तुगलक रोड, अरबिंदो मार्ग, जोर बाग रोड से होते हुए लोधी कॉलोनी के कर्बला तक पहुंचेगा।
कर्बला में 20 हजार से से 25 हजार लोगों के एकत्र होने की संभावना है।
परामर्श में कहा गया कि राजनयिकों और खाड़ी देशों के राजदूतों सहित कई महत्वपूर्ण हस्तियों के भी मजलिस (धार्मिक बैठक) में शामिल होने की संभावना है।
दफन के कार्यक्रम से पहले, ‘अंजुमन-ए-हैदरी’ बृहस्पतिवार को शाम करीब चार बजे जोर बाग की दरगाह शाह-ए-मर्दन पर स्थानीय शिया मुस्लिम समुदाय की एक मजलिस का आयोजन करेगा।
शाम करीब सात बजे दरगाह शाह-ए-मर्दन में चहल्लुम को ‘आतंकवाद विरोधी दिवस’ के रूप में मनाने के लिए एक सार्वजनिक बैठक आयोजित की जाएगी।
परामर्श में कहा गया है कि इस बैठक के बाद एक मजलिस होगी और शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद धार्मिक उपदेश देंगे।
परामर्श के अनुसार, सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए बुधवार सुबह करीब आठ बजकर 30 मिनट से जामा मस्जिद रोड, लाल कुआं बाजार रोड, अजमेरी गेट रोड, आसफ अली रोड, श्रद्धानंद मार्ग, बसंत रोड, मुख्य बाजार रोड, पंचकुइयां रोड, डीजीबी रोड, रफी मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, संसद मार्ग, कृष्णा मेनन मार्ग, तुगलक रोड, अशोक रोड और जनपथ पर यातायात की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा।
इतना ही नहीं, यातायात को बृज मोहन चौक, हौज काजी चौक, अजमेरी गेट चौक, मंडी हाउस गोल चक्कर, एम्स लूप, दयाल सिंह चौक और सी-हेक्सागन आदि की ओर दूसरे मार्गों की ओर भेजा जाएगा।
जुलूस के समय यातायात प्रभावित रहेगा और स्थिति को देखते हुए कुछ बस सेवाओं को गंतव्य से पहले समाप्त किया जा सकता है।
पुलिस ने बुधवार को दोपहर में नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी है।
पुलिस ने कहा है कि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री कनॉट प्लेस जाने से बचें और अजमेरी गेट की तरफ से तिलक मार्ग, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग या राजघाट और जवाहरलाल नेहरू मार्ग से होकर जाएं।
परामर्श में कहा गया कि प्रभावित मार्गों पर यात्रा के लिए मेट्रो सेवा का उपयोग करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY