दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की कोविड-19 संक्रमण से मौत
यह दिल्ली पुलिस में इस संक्रमण से होने वाली पहली मौत है।
नयी दिल्ली, छह मई दिल्ली पुलिस के 31 वर्षीय कांस्टेबल की मंगलवार शाम को बीमार पड़ने के बाद मौत हो गई और उसके नमूने की जांच रिपोर्ट में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है।
यह दिल्ली पुलिस में इस संक्रमण से होने वाली पहली मौत है।
अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल का नमूना कोविड-19 की जांच के लिये भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में बुधवार को संक्रमण की पुष्टि हुई।
अब तक दिल्ली पुलिस के 26 पुलिसकर्मी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से कई ने उपचार के बाद स्वस्थ होकर ड्यूटी शुरु कर दी है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त एस एन श्रीवास्तव ने ट्वीट कर कांस्टेबल की मौत पर दुख जताया और मृतक के परिजनों को सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने ट्वीट किया,"पीएस भारत नगर के कांस्टेबल अमित कुमार के आकस्मिक निधन से पुलिस बिरादरी दुखी है। हम दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़े हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। उनके परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।"
पुलिस ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला कांस्टेबल उत्तर पश्चिम दिल्ली के भारत नगर पुलिस थाने में तैनात था।
उन्होंने बताया कि वह मंगलवार को बीमार पड़ गया और उसकी दीप चंद बंदी अस्पताल में जांच की गई, जहां उसे दवाइयां दी गईं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम को जब कांस्टेबल ने बताया कि उसकी तबियत ठीक नहीं लग रही है तो उसे फौरन राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत लाया गया घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि कांस्टेबल के संपर्क में आए पुलिसकर्मियों को घर में पृथक-वास के लिए कहा गया है। अभी पोस्टमार्टम नहीं किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि उसके परिवार में पत्नी और तीन साल का एक बेटा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 06, 2020 11:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

