वरिष्ठ नागरिक की पत्नी का अंतिम संस्कार करने में दिल्ली पुलिस ने की सहायता
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 18 मई लॉकडाउन के दौरान दिल्ली पुलिस के कर्मियों ने सोमवार को एक वरिष्ठ नागरिक की 62 वर्षीय मृत पत्नी की अर्थी को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाया और अंतिम संस्कार करने में व्यक्ति की सहायता की।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मीठापुर एक्सटेंशन में लखपत कॉलोनी में जसपाल सिंह (66), उनकी पत्नी और 26 वर्षीय दिमागी रूप से कमजोर उनका बेटा रहते थे।
पिछली रात खाने के बाद महिला सो गई और आज सुबह नहीं उठी।
दक्षिण पूर्वी दिल्ली में स्थित जैतपुर पुलिस थाने में सिंह ने आकर थाना प्रभारी आनंद स्वरूप को अपनी पत्नी की मौत की सूचना दी।
जसपाल सिंह की पत्नी नवंबर 2019 से बीमार थीं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व) आर पी मीणा ने बताया, “वे पंजाब के रहने वाले हैं और दिल्ली में उनका कोई रिश्तेदार नहीं है। वे अकेले अंतिम संस्कार की व्यवस्था नहीं कर पाते इसलिए उन्होंने पुलिस से सहायता मांगी।”
स्वरूप ने कांस्टेबल राहुल, रविकांत, प्रवीण, सुनील और धर्मेंद्र को सिंह की सहायता करने के लिए नियुक्त किया।
पांचों पुलिसकर्मी सिंह के साथ उनके घर गए और महिला के अंतिम संस्कार की सारी व्यवस्था की।
इसके बाद उन्होंने सिंह को घर तक भी पहुंचाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 09:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

