देश की खबरें | दिल्ली : डीएनडी फ्लाईओवर के नीचे पानी में डूबा मिला पुराना ग्रेनेड

नयी दिल्ली, 12 जून हिंडन नहर में सिक्कों की तलाश करने वाले गोताखोरों के एक समूह को पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार के पास दिल्ली-नोएडा फ्लाईओवर (डीएनडी) के नीचे नदी के किनारे मिट्टी के बर्तन में एक पुराना हथगोला (ग्रेनेड) मिला। पुलिस सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के दलों को शनिवार रात मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया।

यमुना खादर इलाके के गोताखोर नदी में थे कि तभी उन्हें ये ग्रेनेड मिला। पुलिस के मुताबिक, यह पुराना और जंग लगा हुआ ग्रेनेड था तथा एनएसजी के दल ने इसे आसानी से निष्क्रिय कर दिया।

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि मयूर विहार पुलिस थाने में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा-4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''ग्रेनेड पर जंग लगा था और यह पुराना था। हमें संदेह है कि किसी ने पुल से नदी में यह बर्तन फेंका होगा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।''

पुलिस को संदेह है कि ग्रेनेड काफी समय पहले फेंका गया होगा।

अधिकारी ने कहा, ''हम सुराग की तलाश कर रहे हैं, लेकिन कुछ भी सामने नहीं आया है। किसी की सुरक्षा को खतरा नहीं है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)