देश की खबरें | दिल्ली को उसके हिस्से के 1,050 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जा रही है : खट्टर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली को उसके हिस्से के 1,050 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जा रही है।
चंडीगढ़, 17 मई हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली को उसके हिस्से के 1,050 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जा रही है।
कुछ दिनों पहले अरविंद केजरीवाल नीत दिल्ली सरकार ने जल संकट के मद्देनजर यमुना नदी से अतिरिक्त पानी की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य को आपात संदेश भेजा था।
खट्टर ने दिल्ली सरकार पर मामले पर राजनीति करने और झूठे आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार ने पूर्व में भी दिल्ली के ‘‘वैध हिस्से’’ का पानी जारी नहीं करने के लिए हरियाणा सरकार को दोषी ठहराया था।
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए खट्टर ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह झूठ बोल रहे हैं, इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं और झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं।’’
खट्टर ने यहां एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘तथ्य यह है कि उन्हें उनके हिस्से के हिसाब से पानी दिया जा रहा है। उन्हें 1,050 क्यूसेक पानी दिया जा रहा है।’’
बाद में एक आधिकारिक बयान में खट्टर ने कहा, ‘‘पंजाब की आम आदमी पार्टी नेतृत्व वाली सरकार हरियाणा के हिस्से का पानी नहीं दे रही है।’’
कुछ दिनों पहले दिल्ली सरकार ने दो सप्ताह में तीसरी बार हरियाणा को आपात संदेश भेजा था, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को रोकने के लिए यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने का आग्रह किया गया था।
एक अधिकारी ने कहा था, ‘‘हरियाणा नदी में कम पानी छोड़ रहा है, जिसके कारण वजीराबाद जलाशय का जल स्तर 674.5 फुट के सामान्य स्तर के मुकाबले 671.80 फुट तक गिर गया है। दिल्ली के कई इलाकों में पानी के संकट का सामना करना पड़ सकता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2022 10:53 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

