देश की खबरें | दिल्ली: सैकड़ों लोगों ने यमुना को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली से मथुरा तक नौ दिवसीय पदयात्रा के दौरान यमुना के किनारे रहने वाले सैकड़ों लोगों को नदी को साफ रखने की शपथ दिलाई गई। पदयात्रा के आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, आठ नवंबर दिल्ली से मथुरा तक नौ दिवसीय पदयात्रा के दौरान यमुना के किनारे रहने वाले सैकड़ों लोगों को नदी को साफ रखने की शपथ दिलाई गई। पदयात्रा के आयोजकों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

संत दादा गुरु के नेतृत्व में पदयात्रा को 28 अक्टूबर को आईटीओ के पास छठ घाट से रवाना किया गया था।

मथुरा में पांच नवंबर को संपन्न हुई पदयात्रा में यमुना संसद के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया।

दादा गुरु ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यमुना किनारे के गांवों और कस्बों में रहने वाले हजारों लोगों को प्रदूषण के कारण नदी पर आने वाले संकट के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें नदी को साफ रखने की शपथ भी दिलाई गई।’’

यमुना संसद के संयोजक रविशंकर तिवारी ने कहा कि यमुना को स्वच्छ बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के वास्ते सक्रिय जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के जागरुकता कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि नदी और प्राकृतिक पर्यावरण की सुरक्षा तथा संरक्षण के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए 30 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में यमुना यात्रा के बाद एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now