एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली: दिसंबर में ‘मध्यम’ वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या सबसे अधिक चार रही

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को फिर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गयी। इसके साथ ही दिसंबर में ‘मध्यम’ वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या सबसे अधिक चार रही।

देश की खबरें | दिल्ली: दिसंबर में ‘मध्यम’ वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या सबसे अधिक चार रही

नयी दिल्ली, नौ दिसंबर दिल्ली की वायु गुणवत्ता सोमवार को फिर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गयी। इसके साथ ही दिसंबर में ‘मध्यम’ वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या सबसे अधिक चार रही।

मौसम विभाग के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में सर्दी के इस मौसम में दिन के समय का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है।

आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले अधिकतम तापमान सबसे कम 18 नवंबर को 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रविवार को जहां 302 अंक के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में था वह सोमवार शाम चार बजे तक सुधर कर 186 हो गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

आंकड़ों के अनुसार सोमवार को इस माह में ‘मध्यम’ वायु गुणवत्ता वाला चौथा दिन रहा जो दिसंबर में अब तक दर्ज किए गए इस तरह के दिनों की सबसे अधिक संख्या है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार 201 से 300 के बीच का एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में आता है जो संवेदनशील समूहों और सांस संबंधी बीमारी से ग्रस्त लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

शहर के 38 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से केवल शादीपुर में ही सोमवार को वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। समीर ऐप के अनुसार, 13 केंद्रों ने वायु गुणवत्ता को ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया, जबकि शेष ने ‘मध्यम’।

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार 10 से 12 दिसंबर तक एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में रह सकता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दिल्ली में सोमवार को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। इसके अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। दिन के दौरान आर्द्रता का स्तर 100 प्रतिशत से 65 प्रतिशत के बीच रहा।

आईएमडी ने पूर्वानुमान जताया कि मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 23 डिग्री सेल्सियस और सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है तथा मध्यम कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 09, 2024 11:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).