देश की खबरें | दिल्ली उच्च न्यायालय ने दो न्यायाधीशों को विदाई दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को अपने दो न्यायाधीशों- न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा और न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव, को विदाई दी। इन दोनों का स्थानांतरण अन्य उच्च न्यायालयों में हो गया है।

नयी दिल्ली, 30 मई दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस्पतिवार को अपने दो न्यायाधीशों- न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा और न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव, को विदाई दी। इन दोनों का स्थानांतरण अन्य उच्च न्यायालयों में हो गया है।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनमोहन ने विदाई समारोह में कहा कि 2013 में बार से पदोन्नत किए गए दोनों न्यायाधीशों ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न कानूनों में एक मानक स्थापित किया है।

केंद्र सरकार ने बुधवार को न्यायमूर्ति सचदेवा और न्यायमूर्ति राव को क्रमशः मध्य प्रदेश और कर्नाटक उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की अधिसूचना जारी की।

उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने 15 मार्च को उनके स्थानांतरण की संस्तुति की थी। इन दोनों ने अन्य उच्च न्यायालयों में अपने तबादले का अनुरोध किया था।

न्यायमूर्ति मनमोहन ने कहा, “मध्य प्रदेश और कर्नाटक उच्च न्यायालय वास्तव में आपकी मौजूदगी से समृद्ध होंगे। साथ ही, दिल्ली उच्च न्यायालय में, हम एक खालीपन महसूस करेंगे।”

उनके तबादले के साथ ही दिल्ली उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या घटकर 40 रह गई है, जबकि न्यायाधीशों के स्वीकृत पद 60 हैं। इस कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के सभी साथी न्यायाधीश, उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश ए. के. सीकरी, न्यायमूर्ति सचदेवा और न्यायमूर्ति राव के परिवार के सदस्य तथा वकील शामिल हुए।

न्यायमूर्ति सचदेवा और न्यायमूर्ति राव ने उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि देश के सभी हिस्सों का प्रतिनिधित्व इसके बार और बेंच में होता है।

न्यायमूर्ति सचदेवा ने कहा, ‘‘कोई भी अन्य अधिवक्ता संघ इस बार की बराबरी नहीं कर सकता...।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\