देश की खबरें | दिल्ली में 2022 के पहले पांच महीनों में हुईं 2,300 दुर्घटनाएं; 505 लोगों की मौत: पुलिस के आंकड़े
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में 2022 के पहले पांच महीनों में 2,300 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 500 से अधिक लोगों की जान चली गई।
नयी दिल्ली, पांच जून दिल्ली में 2022 के पहले पांच महीनों में 2,300 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 500 से अधिक लोगों की जान चली गई।
इनमें से 495 घातक दुर्घटनाएं, 1,762 साधारण दुर्घटनाएं और 43 ऐसी दुर्घटनाएं थीं जिनमें किसी को चोट नहीं आई।
यातायात जिलों के हिसाब से जानकारी प्रदान करने वाले आंकड़ों में यह भी कहा गया है कि इस दौरान 2,152 लोग घायल हुए।
आंकड़ों के अनुसार, इन हादसों में कुल 505 लोगों की मौत हुई, जिनमें सबसे अधिक मौत (56) बाहरी उत्तरी जिले में हुई। इसके बाद उत्तर पश्चिमी जिले में 50, दक्षिण पश्चिमी जिले में 46 और पश्चिमी जिले में 45 लोगों की मौत हुई। सबसे कम 16 मौत शाहदरा में और 19 लोगों की मौत मध्य जिले में हुई।
दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले में सबसे अधिक 222 दुर्घटनाएं हुईं। इसके बाद दक्षिण-पश्चिमी जिले में 192, बाहरी उत्तरी जिले में 191 और पश्चिमी जिले में 186 दुर्घटनाएं हुईं।
आंकड़ों में कहा गया है कि सबसे कम (75) दुर्घटनाएं नई दिल्ली जिले में हुईं। इसके बाद शाहदरा (77) और रोहिणी जिले में (100) दुर्घटनाएं हुईं। दक्षिण-पूर्वी जिले में सबसे ज्यादा (211) लोग घायल हुए और सबसे कम संख्या में लोग (63) शाहदरा में घायल हुए।
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, शहर में 2021 में 1,206 घातक सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 1,239 लोगों की मौत हुई।
इसने यह भी कहा कि 2020 की तुलना में 2021 में घातक दुर्घटनाओं में 3.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई। साल 2020 में घातक दुर्घटनाओं में 1163 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2021 में ऐसी दुर्घटनाओं में 1206 लोगों की मृत्यु हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)