कोविड-19 से जान गंवाने वाली शिक्षिका के परिवार को एक करोड़ रुपये देगी दिल्ली सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम की संविदा शिक्षिका बैकाली सरकार राज्य सरकार द्वारा संचालित एक राहत केंद्र में भोजन वितरण में लगी थी और चार मई को कोविड-19 से उनकी मौत हो गई।
नयी दिल्ली, 12 मई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नगर निगम की एक शिक्षका की मृत्यु पर मंगलवार को संवेदना जतायी और कहा कि उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम की संविदा शिक्षिका बैकाली सरकार राज्य सरकार द्वारा संचालित एक राहत केंद्र में भोजन वितरण में लगी थी और चार मई को कोविड-19 से उनकी मौत हो गई।
वर्तमान नीति के तहत सरकार किसी कोरोना योद्धा की कोरोना वायरस से मौत होने पर एक करोड़ रुपये की राशि उसके परिवार को देती है।
केजरीवाल ने एक आनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘उन्होंने (बैकाली) ने 10, 17 और 18 अप्रैल को भोजन वितरण की ड्यूटी की। तबीयत खराब होने पर वह 24 अप्रैल को नहीं आ सकीं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पहले उन्हें रोहिणी में आंबेडकर अस्पताल और उसके बाद आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी चार मई को मृत्यु हो गई। दिल्ली सरकार उनके परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा प्रदान करेगी।’’
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार शहर के निर्माण क्षेत्र के श्रमिकों को इस महीने भी पांच हजार रुपये वित्तीय सहायता के तौर पर मुहैया कराएगी।
उन्होंने कहा कि श्रमिक दिल्ली में कई निर्माण स्थलों पर काम कर रहे हैं और कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि राशि कुछ खातों में जमा करा दी गई है और अन्य को यह जल्द ही मिल जाएगी।
पिछले महीने भी दिल्ली सरकार ने निर्माण क्षेत्र के श्रमिकों को पांच हजार रुपये की सहायता प्रदान की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 04:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

