देश की खबरें | दिल्ली : शेयर कारोबार कार्यालय से 26 लाख रुपये लूटने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के चांदनी चौक में शेयर कारोबार के एक कार्यालय से 26 लाख रुपये लूटने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 18 जून दिल्ली के चांदनी चौक में शेयर कारोबार के एक कार्यालय से 26 लाख रुपये लूटने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना का कथित मास्टरमाइंड और अंदरूनी सूत्र मुकेश (24) पहले इसी इमारत में स्थित एक कार्यालय में काम करता था। उन्होंने बताया कि आरोपी मुकेश, राजमल उर्फ राजू (44), मोतीलाल (26) और कैलाश (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अपराध में शामिल एक अन्य व्यक्ति कमलेश फरार है।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंठिया ने बताया कि लूट की यह घटना 31 मई को हुई जब कमलेश और कैलाश, कूरियर वाहक बनकर कार्यालय में घुसे और वहां मौजूद एकमात्र कर्मचारी के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया तथा अलमारी से नकदी लूटकर फरार हो गए।
इस घटना के सिलसिले में मामला दर्ज होने के बाद चांदनी चौक, लाल किला, धौला कुआं और यहां तक कि जयपुर राजमार्ग पर लगे लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया।
इस मामले में राजू, मोतीलाल, कैलाश और मुकेश को आमेट और ढेलाणा सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों में छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गया। ये सभी राजस्थान के मूल निवासी हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुकेश को पीड़ित के कार्यालय में होने वाले कामकाज और नकदी की आवाजाही की अच्छी जानकारी थी।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बंठिया ने कहा, ‘‘ आरोपी 27 मई को दिल्ली पहुंचे और इलाके की रेकी करते हुए पकड़े जाने से बचने के लिए पहाड़गंज के विभिन्न होटलों में रुके। पुलिस ने बताया कि 31 मई को कमलेश और कैलाश ने डकैती को अंजाम दिया, जबकि राजमल और मोतीलाल ने इसमें मदद की। ’’
लूट को अंजाम देने के बाद ये लोग पहले लाल किला, फिर पहाड़गंज और अंत में धौला कुआं से सरकारी रोडवेज बस में सवार होकर फरार हो गए।
पूछताछ में पता चला कि गिरोह ने पहले भी उत्तर प्रदेश के कानपुर में इसी तरह की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसकी जानकारी वहां की स्थानीय पुलिस को दी गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 18 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 18, 2025 04:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

