एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में सोमवार को कड़ाके की ठंड पड़ी, सर्द हवाओं ने बढ़ाई गलन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी के बड़े इलाके में सोमवार को कड़ाके की ठंड पड़ी और कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि उत्तर पश्चिम से मैदानों को पार कर आने वाली हवाओं की वजह से दिन के तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ी और धुंध युक्त मौसम रहा।

देश की खबरें | दिल्ली में सोमवार को कड़ाके की ठंड पड़ी, सर्द हवाओं ने बढ़ाई गलन

नयी दिल्ली, 26 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी के बड़े इलाके में सोमवार को कड़ाके की ठंड पड़ी और कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि उत्तर पश्चिम से मैदानों को पार कर आने वाली हवाओं की वजह से दिन के तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ी और धुंध युक्त मौसम रहा।

मौसम कार्यालय के मुताबिक ‘ठंडा दिन’ उस दिन को कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री नीचे दर्ज हो। कड़ाके की ठंड वाले दिन का अभिप्राय है कि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री नीचे दर्ज हो।

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार की सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर पर पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि 10 ट्रेनें डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही हैं।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के सामान्य से छह डिग्री कम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय के मुताबिक 18 दिसंबर 2020 के 15.2 डिग्री अधिकतम तापमान के बाद दिसंबर में सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

पालम वेधशाला में न्यूनतम तापमान 6.5डिग्री दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री रहा जो सामान्य से नौ डिग्री कम है।

दक्षिण पश्चिम दिल्ली के जफरपुर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 10 डिग्री कम है।

उत्तर पश्चिम दिल्ली के मुंगेशपुर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 5.3 डिग्री और 11.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि इस मौसम में सामान्य अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री है।

आयानगर, लोधी रोड, रिज, नजफगढ़, पीतमपुरा और मयूर विहार स्थित स्वचालित मौसम केंद्रों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से 25-26 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में ताजी बर्फबारी हुई है और पश्चिमोत्तर से ठंडी हवाएं मैदानों से होकर राष्ट्रीय राजधानी पहुंच रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ पश्चिमी विक्षोभ की वजह से आर्द्रता का स्तर बढ़ गया है और इसकी वजह से घना कोहरा छाया एवं सूर्य की रोशनी मद्धिम हुई एवं तापमान में गिरावट आई।’’

पलावत ने कहा कि सर्द हवाओं की वजह से हवा के संपर्क में त्वचा के आने पर ऊष्मा घटने की दर भी बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि ठंडी हवाओं की वजह से बाहर जाने पर व्यक्ति को अधिक ठंड महसूस होती है।

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में सोमवार को घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा।

पंजाब के बठिंडा और राजस्थान के बीकानेर में दृश्यता शून्य रही, जबकि अंबाला, हिसार, अमृतसर, पटियाला, गंगानगर, चूरू और बरेली में दृश्यता घटकर 50 मीटर और उससे नीचे पहुंच गई।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा।

आईएमडी के अनुसार, दृश्यता शून्य से 50 मीटर के बीच रहने पर ‘बेहद घना कोहरा’, 51 मीटर से 200 मीटर के बीच ‘घना कोहरा’, 201 मीटर से 500 मीटर के बीच ‘मध्यम कोहरा’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच रहने पर ‘हल्का कोहरा’ माना जाता है।

आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर शीत लहर की घोषणा की जाती है। शीतलहर की घोषणा तब भी की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो।

न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने पर ‘‘भीषण’’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 26, 2022 11:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).