देश की खबरें | दिल्ली चुनाव: भाजपा ने सरकारी संस्थानों में ‘केजी से पीजी’ तक मुफ्त शिक्षा सहित किए कई वादे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने चुनावी घोषणापत्र का दूसरा हिस्सा जारी किया जिसमें सरकारी शिक्षण संस्थानों में जरूरतमंद छात्रों के लिए 'केजी से पीजी' तक मुफ्त शिक्षा का वादा किया गया है तथा घरेलू नौकरों और ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए 10 लाख रुपये का बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना कवर देने का आश्वासन दिया गया है।
नयी दिल्ली, 21 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने चुनावी घोषणापत्र का दूसरा हिस्सा जारी किया जिसमें सरकारी शिक्षण संस्थानों में जरूरतमंद छात्रों के लिए 'केजी से पीजी' तक मुफ्त शिक्षा का वादा किया गया है तथा घरेलू नौकरों और ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए 10 लाख रुपये का बीमा और 5 लाख रुपये का दुर्घटना कवर देने का आश्वासन दिया गया है।
पार्टी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए 15,000 रुपये की एकमुश्त सहायता का भी वादा किया।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस ने दिल्ली में महिलाओं, छात्रों, बुजुर्गों, ऑटो-टैक्सी चालकों, घरेलू कामगारों, धोबी, फेरीवालों, मंदिर के पुजारियों और गुरुद्वारा ग्रंथियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए मुफ्त में योजनाओं का अंबार लगा दिया है।
भाजपा के संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा जारी करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में आप सरकार के सत्ता में आने पर सभी ‘अनियमितताओं’ और ‘घोटालों’ की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया जाएगा।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि घोषणापत्र में किए गए वादों की व्यापक रूपरेखा पहले ही बताई जा चुकी है और पार्टी की सरकार बनने के बाद अंतिम तौर तरीकों और पात्रता मानदंड पर काम किया जाएगा।
ठाकुर ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी यूपीएससी और राज्य सिविल सेवा परीक्षाओं के लिए 15,000 रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता और दो बार फीस और यात्रा खर्च की प्रतिपूर्ति करेगी।
भाजपा ने यह भी आश्वासन दिया कि दिल्ली में उसकी सरकार राष्ट्रीय राजधानी में पॉलिटेक्निक और कौशल केंद्रों में अनुसूचित जाति (एससी) के छात्रों को 1,000 रुपये की मासिक सहायता प्रदान करने के लिए 'डॉ बी आर आंबेडकर वजीफा योजना' शुरू करेगी।
भाजपा ने आखिरी बार 27 साल पहले दिल्ली की सत्ता संभाली थी। इसके बाद से वह यहां की सत्ता से बाहर है। पार्टी 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में क्रमशः केवल तीन और आठ सीट ही हासिल कर पाई थी।
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे।
ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीटी) में भाजपा की सरकार बनने के बाद वह घरेलू कामगारों और ऑटो-टैक्सी चालकों के लिए कल्याण बोर्ड गठित करेगी।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा बोर्ड 10 लाख रुपये का बीमा और पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा प्रदान करेगा और घरेलू कामगारों और ऑटो-टैक्सी चालकों के बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगा।
उन्होंने महिला घरेलू कामगारों के लिए छह महीने के मातृत्व अवकाश का भी वादा किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रेहड़ी-पटरी वालों के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लाभार्थियों की संख्या दोगुनी की जाएगी।
पार्टी के सत्ता में आने पर बुनियादी ढांचे में सुधार और कल्याण की भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए ठाकुर ने कहा कि आप सरकार राष्ट्रीय राजधानी में जल जीवन मिशन लागू करने में विफल रही है।
उन्होंने दावा किया, ‘‘जल जीवन मिशन के तहत पहाड़ों में 17 हजार फुट की ऊंचाई पर भी नल से पानी आता है लेकिन आप-दा (आप) सरकार ने इसे दिल्ली में लागू नहीं किया।’’
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के चुनावी घोषणापत्र को ‘देश के लिए खतरनाक’ बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी सत्ता में आने पर सरकारी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा बंद करने और मोहल्ला क्लीनिक सहित मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं को खत्म करने की योजना बना रही है।
केजरीवाल ने प्रेस वार्ता में भाजपा पर घोषणापत्र में अपने ‘‘असली इरादे’’ जाहिर करने का आरोप लगाया और मतदाताओं को पार्टी के समर्थन को लेकर आगाह किया।
इससे पहले, 17 जनवरी को केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के घोषणा पत्र का पहला हिस्सा जारी किया था। इसमें मौजूदा कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने का आश्वासन और 60-70 वर्ष की आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2,500 रुपये की मासिक पेंशन और 70 वर्ष से अधिक लोगों के लिए 3,000 रुपये की मासिक पेंशन जैसे वादे शामिल थे।
महिलाओं के लिए पार्टी ने मातृ सुरक्षा वंदना योजना शुरू करने की घोषणा की है जिसके तहत छह पोषण किट और प्रत्येक गर्भवती महिला को 21,000 रुपये दिए जाने का वादा शामिल है।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 21, 2025 05:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

