देश की खबरें | दिल्ली: खुद को पुलिस के जवान बताकर बीमा एजेंट से लूटपाट के आरोप में आठ लोग पकड़े गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. खुद को दिल्ली पुलिस के जवान बताकर लक्ष्मी नगर स्थित एक बीमा कार्यालय के मालिक पर हमला करने, उसे धमकाने और जबरन वसूली करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, एक जुलाई खुद को दिल्ली पुलिस के जवान बताकर लक्ष्मी नगर स्थित एक बीमा कार्यालय के मालिक पर हमला करने, उसे धमकाने और जबरन वसूली करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यहां एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने फर्जी पुलिस छापेमारी की और बीमा धोखाधड़ी की फर्जी बात कहकर जांच किए जाने के बहाने शिकायतकर्ता से रुपये लूटे तथा कीमती सामान हड़प लिया।
इस मामले में पीड़ित के पूर्व कर्मचारी रह चुके हनी कुमार (31) के अलावा कैब चालक सनी शर्मा (28) और अंकित जैन (32) आरोपी हैं।
अन्य लोगों में बेकरी सुपरवाइजर विक्रम सिंह (35), डेटा विश्लेषक राहुल गुप्ता (27), जिम ट्रेनर राहुल यादव (27), अनिल कांत (33) और जीतपाल (42) शामिल हैं।
अनिल और जीत प्रॉपर्टी डीलर हैं।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अभिषेक धानिया ने बताया, ‘‘26 जून को दिल्ली पुलिस की विशेष टीम के सदस्य बनकर चार लोग लक्ष्मीनगर में बीमा पॉलिसी का कार्य करने वाले सलमान (31) के कार्यालय में घुसे। आरोपियों ने कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप छीना और उसे जबरन कार में ले गए।’’
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि सलमान पर कथित तौर पर हमला किया गया और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उनसे 70 हजार रुपये एक खाते में स्थानांतरित करने के लिए दबाव बनाया गया तथा 80 हजार रुपये नकद भी वसूल लिए गए।
लक्ष्मी नगर थाने में 28 जून को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और टीम ने उसी रात पांच आरोपियों को उस समय पकड़ लिया जब वे अपराध में इस्तेमाल की गई उसी कार में नोएडा लिंक रोड पर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली के विभिन्न स्थानों से उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि लूट की साजिश सलमान के पूर्व कर्मचारी हनी कुमार ने रची थी, जिसने घटना से दो सप्ताह पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। उसने कथित तौर पर सनी शर्मा को अंदरूनी जानकारी दी, जिसने फर्जी छापेमारी की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि सनी को गाजियाबाद में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी अंकित जैन पर पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि हनी कुमार व्यक्तिगत रंजिश रखता था और उसने अपराध की साजिश रचने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 04:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

