देश की खबरें | दिल्ली की अदालत राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत के खिलाफ मानहानि वाद पर 14 सितंबर को सुनवाई करेगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की एक अदालत केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि वाद पर 14 सितंबर को सुनवाई करेगी।
नयी दिल्ली, छह सितंबर दिल्ली की एक अदालत केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि वाद पर 14 सितंबर को सुनवाई करेगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अदालत में पेश हुए गहलोत को मामले के संबंध में उनके द्वारा मांगे गए सभी दस्तावेज प्राप्त होने का जिक्र करते हुए अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल ने मामले की अगली सुनवाई 14 सितंबर तय की।
न्यायाधीश ने कहा, ‘‘शिकायतकर्ता की ओर से यह सूचित किया गया है कि रंगीन प्रतियों सहित सभी दस्तावेज पहले ही ई-मेल के माध्यम से भेजे जा चुके हैं। आरोपी के वकील ने ई-मेल मिलने की बात स्वीकार की है। चूंकि, सभी दस्तावेज प्राप्त हो गए हैं, इसलिए मामले की अगली सुनवाई 14 सितंबर, 2023 को होगी।’’
कार्यवाही के दौरान शिकायतकर्ता भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेश हुए।
कथित संजीवनी घोटाले से केंद्रीय मंत्री को जोड़ने वाली कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर शेखावत की शिकायत के बाद अदालत ने सात अगस्त को गहलोत को तलब किया था।
यह ‘‘घोटाला’’ अत्यधिक आकर्षक ब्याज की आड़ में संजीवनी क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा हजारों निवेशकों से लगभग 900 करोड़ रुपये की कथित ठगी किए जाने से संबंधित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)