देश की खबरें | दिल्ली के मुख्यमंत्री ने मानवीय आधार पर हरियाणा से यमुना में अतिरिक्त जल छोड़ने का आग्रह किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में जलाभाव के समाधान के लिये दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को हरियाणा से मानवीय आधार पर यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने का आग्रह किया ।

नयी दिल्ली, 10 जून राष्ट्रीय राजधानी में जलाभाव के समाधान के लिये दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को हरियाणा से मानवीय आधार पर यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने का आग्रह किया ।

केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने एक मुलाकात के दौरान उप राज्यपाल वी के सक्सेना के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की ।

मुख्यमंत्री ने उप राज्यपाल से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हमें इन कानूनी मामलों में नहीं पड़ना चाहिये.....कि दिल्ली का हिस्सा इतना है और हरियाणा इतना पानी छोड़ रहा है...दिल्ली जल संकट की समस्या से जूझ रहा है और मैं हरियाणा सरकार से मानवीय आधार पर यमुना नदी में अतिरिक्त पानी छोड़ने का आग्रह करता हूं ।’’

उधर, राजधानी में जल संकट के मद्देनजर दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को हरियाणा सरकार से दिल्ली के हिस्से का पानी यमुना नदी में छोड़ने का आग्रह किया।

भारद्वाज ने दावा किया कि हरियाणा सरकार ने यमुना नगर में स्थित ताजेवाला बांध से पानी छोड़ना बंद कर दिया है, जहां से दिल्ली को प्रतिदिन 100 मिलियन गैलन पानी की आपूर्ति की जाती है।

उन्होंने कहा कि यमुना दिल्ली में आठ फुट नीचे बह रही है और जल स्तर पहले ही 7.5 फुट कम हो गया है । उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले दो दिनों में पीने के पानी का संकट और गहरा गया है ।

बोर्ड के अनुसार वजीराबाद जलाशय में जलस्तर कम होकर 667 फुट पर पहुंच गया है जो आम तौर पर 674.5 फुट होता है ।

दिल्ली को प्रतिदिन 1200 एमजीडी पानी की जरूरत होती है जबकि दिल्ली जल बोर्ड 1000 एमजीडी जलापूर्ति करता है।

रंजन

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\