दिल्ली के इतिवृत्त लेखक आर.वी. स्मिथ का निधन
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि वह कुछ समय से बीमार थे।
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल दिल्ली के प्रतिष्ठित इतिवृत्त लेखक रोनाल्ड विवियन स्मिथ का बृहस्पतिवार काे निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि वह कुछ समय से बीमार थे।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे शहर के क्रॉनिकलर आर. वी. स्मिथ का आज सुबह निधन हो गया। उनके काम ने हमारे शहर की यादों और कहानियों को जिंदा रखा है। उनका जाना दिल्ली वालों के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और मित्रगणों के साथ हैं।’’
आगरा में 1938 में जन्मे स्मिथ, ग्वालियर आर्मी के कर्नल सल्वाडोर स्मिथ (1783-1871) के परिवार के हैं। उन्होंने अपनी शिक्षा सेंट पीटर्स कॉलेज और सेंट जॉन्स कॉलेज से की जहां से उन्होंने अंग्रेजी साहित्य में स्नात्कोत्तर की डिग्री प्राप्त की। उन्होंने 1956 से ही अखबारों के लिए लिखना शुरू कर दिया था।
उन्होंने दिल्ली में समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) और द स्टेटसमैन अखबार के लिए काम किया। 1996 में वह समाचार संपादक के पद से सेवानिवृत्त हुए।
उनकी प्रमुख किताबें हैं ‘दिल्ली : अननोन टेल्स ऑफ ए सिटी’, ‘द दिल्ली दैट नो वन नोज’ आदि। उन्होंने ताजमहल पर भी एक किताब लिखी है।
स्मिथ के बारे में कभी लेखक खुशवंत सिंह ने कहा था कि बात जब दिल्ली के ज्ञात, कम ज्ञात और अज्ञात स्मारकों के बारे में लिखने की आती है तो, आर. वी. स्मिथ से बेहतर इस काम को और कोई नहीं करता।
क्रॉनिकलर या इतिवृत्त लेखक वह व्यक्ति होता है जो किसी भी काल की घटनाओं को बिना किसी संदर्भ या परिप्रेक्ष्य के सीधे-सीधे, सिलसिलेवार तरीके से लिखता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 04:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

