खेल की खबरें | दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स को आठ विकेट से हराया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत की उम्दा पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखा ।
दुबई, 22 सितंबर अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत की उम्दा पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हराकर शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखा ।
लीग के पहले चरण में आठ में से छह मैच जीतने वाली दिल्ली ने उस लय को कायम रखते हुए गेंद और बल्ले दोनों से सनराइजर्स को उन्नीस साबित कर दिया। उसके तेज गेंदबाजों ने सनराइजर्स को नौ विकेट पर 134 रन पर रोक दिया । जवाब में बल्लेबाजों ने आठ विकेट और 13 गेंद बाकी रहते 139 रन बनाकर जीत दिलाई ।
सर्जरी के कारण पहले चरण से बाहर रहे पूर्व कप्तान अय्यर ने शानदार वापसी करते हुए 41 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 47 रन बनाये । वहीं मौजूदा कप्तान पंत ने 21 गेंद में 35 रन बनाये जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे ।
दिल्ली ने सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव (11) और शिखर धवन के विकेट गंवाये । धवन ने 37 गेंद में 42 रन बनाये जिसमें उन्होंने छह चौके और एक छक्का जड़ा ।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी का सनराइजर्स के कप्तान केन विलियमसन का फैसला गलत साबित हुआ जब सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर पारी की तीसरी ही गेंद पर आउट हो गए। उस समय स्कोर बोर्ड पर एक भी रन नहीं टंगा था ।
इसके बाद रिधिमान साहा (18) ने कप्तान विलियमसन (18) के साथ 29 रन की साझेदारी की । कैगिसो रबाडा ने साहा को मिडविकेट पर शिखर धवन के हाथों लपकवाया ।
विलियमसन ने मनीष पांडे के साथ पारी को संभालने की कोशिश की और तीसरे विकेट की साझेदारी में 31 रन जोड़े लेकिन अक्षर पटेल ने इस साझेदारी को तोड़ा । उन्होंने विलियमसन को लांग आफ पर शिमरोन हेटमायेर के हाथों लपकवाकर सनराइजर्स को सबसे करारा झटका दिया ।
पांडे भी 18 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे जबकि केदार जाधव तीन ही रन जोड़ सके । जैसन होल्डर ने मात्र दस रन का योगदान दिया ।
निचले क्रम पर आये अब्दुल समाद ने 21 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 28 रन बबनाये जबकि राशिद खान ने 19 गेंद में 22 रन बनाकर टीम को शर्मनाक स्कोर पर सिमटने से बचाया । समाद रबाडा की गेंद पर दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत को कैच देकर लौटे ।
राशिद ने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया । वह रन आउट हुए ।
दिल्ली के लिये रबाडा ने चार ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि एनरिच नोर्किया और अक्षर पटेल को दो दो विकेट मिले ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 22, 2021 11:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

