एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली: अवैध रूप से देश में रह रहे 92 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली में 92 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली: अवैध रूप से देश में रह रहे 92 बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए

नयी दिल्ली, 10 जून दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली में 92 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मंगोलपुरी रेलवे लाइन के पास नौ जून को एक विशेष अभियान के दौरान 31 पुरुषों, 22 महिलाओं, 24 नाबालिग लड़कों और 15 नाबालिग लड़कियों सहित कुल 92 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई विशेष खुफिया जानकारी मिलने के बाद की गई जिसमें बताया गया था कि अवैध अप्रवासियों का एक समूह क्षेत्र छोड़ने की तैयारी कर रहा है।

बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने बताया, “जैसे ही पुलिस टीम रेलवे लाइन के पास पहुंची तो उसने देखा कि तीन से चार अलग-अलग समूह ट्रेन पकड़ने के लिए तैयार खड़े हैं, जिनके पास सामान भी है। पुलिस को देखकर बांग्लादेशी नागरिक तितर-बितर होने लगे, लेकिन अधिकारियों ने तुरंत उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।"

शर्मा ने बताया कि इनमें से कोई भी वैध यात्रा या पहचान दस्तावेज नहीं दिखा सका। जांच में पाया गया कि इनके पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी।

उन्होंने बताया कि विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समन्वय से निर्वासन की कार्यवाही शुरू की गई है।

अधिकारी ने बताया कि संदेह है कि अधिकतर लोग बेहतर आजीविका के अवसरों की तलाश में भारत में आये थे तथा निजी क्षेत्र में या मजदूर के रूप में काम कर रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि इस साल अब तक हिरासत में लिए गए 242 बांग्लादेशी नागरिकों में से 86 को मुंडका पुलिस ने टिकरी बॉर्डर के आसपास के इलाकों से, पांच को रनहौला पुलिस ने नाला रोड से और 151 को विदेशी प्रकोष्ठ ने पीरागढ़ी कैंप, मंगोलपुरी, निहाल विहार और सुल्तानपुरी से पकड़ा है।

इसके अतिरिक्त, मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में तीन नाबालिगों समेत पांच बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 10, 2025 05:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).