देश की खबरें | न्यायाधीशों की नियुक्ति में देरी: अटार्नी जनरल बोले, ‘प्रक्रिया जारी है’
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि ‘‘प्रक्रिया जारी है’’ और शीर्ष अदालत के कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित न्यायाधीशों की नियुक्ति को अधिसूचित करने के लिए निर्णय लिए जा रहे हैं।
नयी दिल्ली, नौ अगस्त केंद्र ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय को बताया कि ‘‘प्रक्रिया जारी है’’ और शीर्ष अदालत के कॉलेजियम द्वारा अनुशंसित न्यायाधीशों की नियुक्ति को अधिसूचित करने के लिए निर्णय लिए जा रहे हैं।
प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जे. बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ एक नई याचिका पर सुनवाई कर रही थी जिसमें कॉलेजियम की इस आशय की सिफारिश के बाद केंद्र को उच्च न्यायपालिका में न्यायाधीशों की नियुक्ति “समयबद्ध तरीके” से करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।
अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने पीठ से कहा, ‘‘ कार्य हो रहा है। प्रक्रिया अच्छी स्थिति में जारी है। मुझे नहीं लगता कि वकीलों को याचिका दायर कर इस अदालत से और अधिक सहयोग की मांग करनी चाहिए।’’
शीर्ष विधि अधिकारी ने इस मुद्दे पर अनेक याचिकाएं दायर किये जाने को लेकर चिंता व्यक्त की।
पीठ ने 2023 में हर्ष विभोर सिंघल द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई अगले सप्ताह के लिए स्थगित कर दी।
सिंघल ने अपनी याचिका में उच्च न्यायपालिका में न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण पर कॉलेजियम की सिफारिशों पर कार्यवाही करने के लिए केंद्र के लिए एक निश्चित समय सीमा तय करने का अनुरोध किया है।
अटॉर्नी जनरल ने कहा कि इसी तरह की याचिका पर पहले न्यायमूर्ति एस. के. कौल की अध्यक्षता वाली पीठ ने सुनवाई की थी, जो अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)