खेल की खबरें | दीपिका के दो गोल, भारत ने दक्षिण कोरिया को 3-2 से मात दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. स्ट्राइकर दीपिका ने हूटर बजने से तीन मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर मंगलवार को यहां दक्षिण कोरिया के खिलाफ महिलाओं की एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के मुकाबले में भारत को 3-2 से जीत दिलाई।

राजगीर (बिहार), 12 नवंबर स्ट्राइकर दीपिका ने हूटर बजने से तीन मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर मंगलवार को यहां दक्षिण कोरिया के खिलाफ महिलाओं की एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के मुकाबले में भारत को 3-2 से जीत दिलाई।

भारतीय महिला टीम ने पहले हाफ में संगीता कुमारी (तीसरे मिनट) और दीपिका (20वें मिनट) के गोल की मदद से 2-0 से बढ़त बनाई हुई थी लेकिन दक्षिण कोरिया ने तीसरे क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए युरी ली (34वें मिनट) और कप्तान युनबी चियोन (38वें मिनट) के गोल से 2-2 से बराबरी हासिल की।

दोनों टीमें 2-2 की बराबरी के बाद विजयी गोल करने के लिए भरसक प्रयत्न कर रही थीं लेकिन दीपिका ने 57वें मिनट में गोल कर देश की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत सुनिश्चित की।

भारत ने सोमवार को टूर्नामेंट के शुरूआती मैच में मलेशिया को 4-0 से मात दी थी। मेजबान टीम अब बृहस्पतिवार को थाईलैंड से भिड़ेगी।

दिन के पहले मैच में थाईलैंड और जापान ने 1-1 से ड्रॉ खेला जबकि मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन ने मलेशिया को 5-0 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

भारतीयों ने शुरू से ही आक्रामक हॉकी खेली और उनके दबदबे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कोरिया को पहले दो क्वार्टर में एक भी बार भारतीय गोल में शॉट लगाने का मौका नहीं मिला।

भारत ने प्रतिद्वंद्वी टीम के डिफेंस को दबाव में लाकर दो मैदानी गोल दाग दिये। तीसरे ही मिनट में स्ट्राइकर संगीता ने सर्कल के अंदर नवनीत कौर के शाट पर रिवर्स हिट से गोल किया।

मेजबान टीम ने दबाव बरकरार रखा और उनके प्रयासों का फल 20वें मिनट में मिला जब दीपिका ने ब्यूटी डुंगडुंग के पास पर करीब से शानदार गोल किया।

एक मिनट बाद प्रीति दूबे का रिवर्स हिट का कोरियाई गोलकीपर सियोयियोन ली ने अच्छा बचाव किया।

संगीता 24वें मिनट में अपना दूसरा गोल करने के करीब थीं लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट से बाहर चला गया।

पहले हाफ में पूरी तरह भारत का दबदबा रहा। पर इसके बाद कोरिया ने शानदार वापसी करते हुए 34वें मिनट में लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये। युरी ली ने रिबाउंड पर गोल किया।

इस गोल के बाद कोरियाई टीम ने भारत की रक्षात्मक पंक्ति पर दबाव बनाया और चार मिनट बाद कप्तान युनबी चियोन ने गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

पेनल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं करने का सिलसिला फिर जारी रहा और भारतीय टीम आठ पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकी जिसमें से लगातार चार 39वें मिनट में मिले थे।

भारत ने पिछले मैच में 11 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये थे जिसमें से तीन पर गोल हुए।

अब स्कोर बराबर होने के बाद भारतीयों ने कोरियाई गोलपोस्ट में लगातार हमले किये और इसी दौरान लगातार पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किये, पर इसमें कोई गोल नहीं हो सका।

लेकिन 57वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक के रूप में भारत को मौका मिला जिसे दीपिका ने आसानी से गोल में तब्दील कर जीत दिलाई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

\