जरुरी जानकारी | दीपक फर्टिलाइजर गुजरात के दहेज में नाइट्रिक एसिड क्षमता का विस्तार करेगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दीपक फर्टिलाइजर्स एंड पेट्रोकेमिकल्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएफपीसीएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 1,950 करोड़ रुपये की लागत से गुजरात के दहेज में स्थित अपनी नाइट्रिक एसिड इकाई का विस्तार करेगी।

नयी दिल्ली, 10 अगस्त दीपक फर्टिलाइजर्स एंड पेट्रोकेमिकल्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (डीएफपीसीएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 1,950 करोड़ रुपये की लागत से गुजरात के दहेज में स्थित अपनी नाइट्रिक एसिड इकाई का विस्तार करेगी।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 300 किलो टन प्रति वर्ष (केटीपीए) क्षमता वाला एक वीक नाइट्रिक एसिड (डब्ल्यूएनए) संयंत्र और 150 केटीपीए की कुल क्षमता वाले दो कंसंट्रेटेड नाइट्रिक एसिड (सीएनए) संयंत्र स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

कंपनी ने कहा कि नए संयंत्र गुजरात में डीएफपीसीएल दाहेज के मौजूदा नाइट्रिक एसिड परिसर के भीतर स्थापित किए जाएंगे क्योंकि प्रस्तावित निर्माण के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।

बयान के मुताबिक, ‘‘इस परियोजना की कुल लागत लगभग 1,950 करोड़ रुपये होने का अनुमान है, जिसमें परिचालन-पूर्व व्यय, आकस्मिकता और निर्माण अवधि के दौरान की वित्तीय लागत शामिल है।’’

कंपनी इस विस्तार के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी प्रदाताओं से अत्याधुनिक तकनीक लेगी। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में यहां पर अस्थायी रूप से उत्पादन शुरू होने की उम्मीद है।

डीएफपीसीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक शैलेश सी मेहता ने कहा, ‘‘हमारी नाइट्रिक एसिड क्षमता का प्रस्तावित विस्तार सीधे तौर पर उभरते बाजार परिदृश्य के साथ जुड़ा हुआ है।’’

डीएफपीसीएल 45 प्रतिशत से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ भारतीय नाइट्रिक एसिड कारोबार में सबसे बड़ी कंपनी है। मौजूदा समय में इसकी कुल नाइट्रिक एसिड उत्पादन क्षमता 1,120 केटीपीए है जो विस्तार के बाद लगभग 1,600 केटीपीए तक हो जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\