कोविड-19 स्थिति की ताजा समीक्षा के बाद ही अमरनाथ यात्रा पर निर्णय
कोरोना वायरस महामारी के चलते श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) की ओर से बुधवार को इस साल की अमरनाथ यात्रा रद्द होने की घोषणा की गई। लेकिन महज आधे घंटे के भीतर ही जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने मीडिया में जारी इस बयान को ‘रद्द’’ कर इसे वापस ले लिया।
श्रीनगर, 22 अप्रैल श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने बुधवार को कहा कि वार्षिक अमरनाथ यात्रा के संबंध में फैसला भविष्य में कोरोना वायरस की स्थिति की समीक्षा के बाद किया जाएगा।
कोरोना वायरस महामारी के चलते श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) की ओर से बुधवार को इस साल की अमरनाथ यात्रा रद्द होने की घोषणा की गई। लेकिन महज आधे घंटे के भीतर ही जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने मीडिया में जारी इस बयान को ‘रद्द’’ कर इसे वापस ले लिया।
ताजा आधिकारिक बयान में एसएएसबी ने कहा, ‘‘ मौजूदा महामारी की स्थिति को देखते हुए अमरनाथ यात्रा के आयोजन के संबंध में फैसला भविष्य की स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएग।’’
यह यात्रा 23 जून से दो मार्गों अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदेरबल जिले के बालटाल से शुरू होनी थी।
इससे पहले ‘कोरोना वायरस महामारी की वजह से श्री अमरनाथ यात्रा रद्द’ शीर्षक से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया था। इसमें एक प्रवक्ता ने बताया कि यह निर्णय श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की 38वीं बैठक में लिया गया है। बैठक राजभवन में उप राज्यपाल जी सी मुर्मु की अध्यक्षता में हुई। उप राज्यपाल बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं।
बयान में यह भी कहा गया था कि बोर्ड ने निर्णय किया है कि ‘प्रथम पूजा’ और ‘संपन्न पूजा’ पारंपरिक उत्साह के साथ संपन्न होगी।
हालांकि आधे घंटे के भीतर एक अन्य आधिकारिक बयान जारी कर कहा गया कि ‘कोरोना वायरस महामारी की वजह से श्री अमरनाथ यात्रा रद्द’ शीर्षक से जारी पहले वाले बयान (संख्या-पीआर/डीआई/19/7062) को ‘रद्द और वापस’ लिया गया समझा जाए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2020 11:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

