विदेश की खबरें | इथियोपिया में भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 229 हुई, कई लोग लापता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. एक स्थानीय प्रशासक दागमावी आयेले ने बताया कि दक्षिणी इथियोपिया के केंचो शाचा गोजदी प्रांत में मिट्टी धंसने की घटना में मारे गए लोगों में बच्चे और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। मलबे से कम से कम पांच लोगों को जीवित निकाला गया है।
एक स्थानीय प्रशासक दागमावी आयेले ने बताया कि दक्षिणी इथियोपिया के केंचो शाचा गोजदी प्रांत में मिट्टी धंसने की घटना में मारे गए लोगों में बच्चे और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। मलबे से कम से कम पांच लोगों को जीवित निकाला गया है।
गोफा जोन के संचार कार्यालय के प्रमुख कासाहुन अबेयनेह ने बताया कि सोमवार को सबसे पहले 55 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गयी थी लेकिन बाद में मृतकों की संख्या तेजी से बढ़ी। इलाके में खोज अभियान जारी है। गोफा जोन वह प्रशासनिक इलाका है जहां भूस्खलन हुआ है।
इथियोपिया की सत्तारूढ़ पार्टी ने एक बयान में कहा कि उसे इस आपदा पर दुख है। प्रधानमंत्री अबी अहमद ने फेसबुक पर एक बयान में कहा कि वह ‘‘इस भयानक क्षति से काफी दुखी हैं।’’
अहमद के बयान में कहा गया है कि खोज एवं बचाव प्रयासों में मदद करने के लिए संघीय आपदा रोकथाम कार्य बल को तैनात किया गया है।
अभी यह पता नहीं है कि कितने लोग लापता हैं।
गोफा में एक अन्य अधिकारी मार्कोस मेलीसे ने बताया कि ज्यादातर लोग सोमवार सुबह हुए भूस्खलन में दब गए। उस समय बचावकर्मी एक दिन पहले हुए एक अन्य भूस्खलन के बाद पीड़ितों की तलाश कर रहे थे। अन्य लोगों को बचाने की कोशिश करते वक्त भूस्खलन की चपेट में आए लोगों में से कई लापता हैं।
उन्होंने बताया, ‘‘कई बच्चे हैं जो हादसे में अपनी मां, पिता, भाई और बहन समेत पूरे परिवार को खो चुके हैं तथा लाशों से लिपट कर रो रहे हैं।’’
इथियोपिया में जुलाई में शुरू होने वाले बारिश के मौसम में भूस्खलन होना आम है। बारिश का यह मौसम सितंबर मध्य तक जारी रहने की संभावना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 24, 2024 10:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

