कर्नाटक में कोरोना वायरस से मौत का आंकड़ा 30 तक पहुंचा, संक्रमितों की संख्या 700 के पार हुई
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि मृत महिला मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित थी। उन्हें गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह वेंटिलेटर पर थीं ।
बेंगलुरू, सात मई कर्नाटक के दावणगेरे में 55 वर्षीय एक महिला ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया, जिससे राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढकर 30 हो गई जबकि आठ और लोगों के इसकी चपेट में आने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 700 के पार चला गया ।
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को बताया कि मृत महिला मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित थी। उन्हें गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह वेंटिलेटर पर थीं ।
विभाग ने बताया कि आज दोपहर दावणगेरे के कोविड- 19 अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया। विभाग ने यह भी बताया ,‘‘पिछली शाम से आज दोपहर तक संक्रमण के आठ नये मामले सामने आये हैं ।’’
अभी तक राज्य में कोरोना वायरस से 701 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 30 लोगों की मौत हो गई और 363 स्वस्थ हो चुके हैं ।
आठ नये मामलों में से तीन दावणगेरे से, तीन कलबुर्गी और एक-एक बेलगावी जिला और बेंगलुरू शहर से हैं ।
चार मामले पहले संक्रमित हुए मरीजों के संपर्क में आने के हैं जबकि तीन इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) से पीड़ित थे और एक गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण का मामला है ।
इन आठ नए मरीजों में पांच महिलायें और तीन पुरुष हैं ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 02:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

