देश की खबरें | कोविड-19 से मृतकों की संख्या 5100, लॉकडाउन से निकलने का पहला चरण एक जून से होगा शुरू
जियो

नयी दिल्ली, 30 मई देश में कोरोना वायरस के नए मामलों और मौतों में रिकार्ड बढोतरी के बाद मृतकों की संख्या 5,000 से ज्यादा और संक्रमित लोगों की संख्या 1.76 लाख हो गयी। सरकार ने कहा है कि दो महीने से अधिक समय से लागू लॉकडाउन को एक जून से चरणबद्ध तरीके से हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड-19 के साथ जीते हुए सभी एहतियात का पालन करना जरूरी है। सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर हर किसी को मास्क लगाने या चेहरा ढकने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही निजी और सामाजिक तौर पर साफ-सफाई के मानकों का पालन करना होगा।

यह भी पढ़े | कोरोना संकट के बीच केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा-कोविड-19 एक चुनौती है, लेकिन बड़ा अवसर भी.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘कोविड-19 से निपटना तभी संभव हो पाएगा जब हर कोई स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सावधानी बरते और लॉकडाउन के दौरान मिली छूट को हल्के में नहीं ले।’’

केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को देश के निरूद्ध क्षेत्रों में राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन को 30 जून तक बढ़ाने की घोषणा की। हालांकि, इस रविवार को खत्म हो रहे लॉकडाउन के चौथे चरण के बाद अन्य स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से पाबंदी खत्म की जाएगी।

यह भी पढ़े | झारखंड: सीएम हेमंत सोरेन ने तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिये काउंसलिंग के बाद ‘स्पॉट राउंड’ के दिये निर्देश.

राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों को महामारी के जमीनी हालात के मुताबिक अतिरिक्त पाबंदी लगाने की इजाजत होगी।

कुछ राज्यों ने कहा है कि लोगों की जिंदगी बचाने के लिए वे दो-चार सप्ताह तक लॉकडाउन को आगे बढ़ाएंगे लेकिन अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कुछ छूट की भी घोषणा की।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने लॉकडाउन की अवधि एक महीने के लिए बढ़ा कर 30 जून तक कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लॉकडाउन पर केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों पर अमल करेगी। अपने साप्ताहिक फेसबुक संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 का खतरा अभी टला नहीं है और यदि आवश्यक हुआ तो लोगों का जीवन बचाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए राज्य में लॉकडाउन 15 जून तक लागू रहेगा।

पश्चिम बंगाल सरकार ने लॉकडाउन को 15 जून तक के लिए बढ़ा दिया है लेकिन एक जून से सर्शत छूट देने की भी घोषणा की है।

मिजोरम ने कहा कि संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन दो और हफ्ते लागू रहेगा। हालांकि मिजोरम में फिलहाल संक्रमण का एक भी मामला नहीं है।

केन्द्रीय गृह मंत्रालय के जारी दिशा-निर्देश में कर्फ्यू का समय भी बदल कर रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक कर दिया गया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के अलावा देशभर में अन्य लोगों के बाहर निकलने पर पाबंदी होगी।

दिशा-निर्देशों के मुताबिक एक जून से राज्य के भीतर या राज्यों के बीच लोगों की आवाजाही या सामानों के परिवहन पर किसी तरह की पाबंदी नहीं होगी। इसके अलावा आठ जून से धार्मिक स्थलों, होटलों, रेस्तरां और शॉपिंग मॉल को खोलने की अनुमति होगी।

दिशा-निर्देश मे कहा है कि स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, प्रशिक्षण और कोचिंग संस्थानों को राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के साथ सलाह के बाद अगले चरण में खोला जाएगा। इन संस्थानों को खोलने पर जुलाई में फैसला होगा।

नया दिशा-निर्देश ऐसे दिन आया है जब देश में संक्रमण और मृतकों के रिकॉर्ड मामले आए।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सुबह के अपडेट में कहा कि शुक्रवार सुबह आठ बजे से 24 घंटे के दौरान 7964 नए मामलों के साथ संक्रमित लोगों की संख्या बढकर 1,73,763 हो गयी जबकि इसी अवधि में 265 मौत के साथ मृतकों की संख्या 4971 हो गयी।

मंत्रालय ने कहा कि हालांकि संक्रमण से ठीक होने की दर भी बढ़कर 47 प्रतिशत हो गयी है। देश में 82,000 से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। वर्तमान में संक्रमण के लगभग 86,000 मामले हैं।

हालांकि, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों द्वारा घोषित आंकड़ों के आधार पर पीटीआई- की तालिका के मुताबिक संक्रमण के 1,76,792 मामले हैं और कम से कम 5100 मौतें हुई हैं। कुल 86,000 लोग ठीक हो चुके हैं और संक्रमण के अभी 85,700 मामले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)