देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कुएं में उतरे दो सगे भाइयों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक के बाद एक कुएं में उतरे दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
बिलासपुर, 12 जुलाई छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक के बाद एक कुएं में उतरे दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बेलगहना क्षेत्र के अंतर्गत करही कछार गांव में कुएं में उतरे दो भाइयों दिलीप पटेल (35) और दिनेश पटेल (30) की मौत हो गई।
बेलगहना पुलिस चौकी के प्रभारी राज सिंह ने बताया कि क्षेत्र के करही कछार गांव निवासी दिलीप पटेल शुक्रवार शाम लगभग चार बजे अपने घर के पीछे बाड़ी में कृषि-कार्य कर रहा था। पटेल परिवार ने अपने घर में कुछ मुर्गियां भी पाल रखी हैं, जब दिलीप बाड़ी में था तब एक मुर्गी बाड़ी में स्थित पुराने कुएं में गिर गई।
सिंह ने बताया कि मुर्गी के कुएं में गिरने के बाद दिलीप ने अपने भाई दिनेश को आवाज लगाई और खुद मुर्गी को निकालने के लिए कुएं में उतर गया। जब दिलीप मुर्गी को लेकर कुएं से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था तब वह अचानक बेहोश होकर पानी में गिर पड़ा।
अधिकारी ने बताया कि दिलीप के पानी में गिरने के बाद उस बचाने के लिए उसका भाई दिनेश भी कुएं में कूद गया। लेकिन वह भी कुछ समय बाद बेहोश होकर पानी में गिर गया।
उन्होंने बताया कि जब परिजनों और पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को मौके पर रवाना किया गया।
सिंह ने बताया कि कुएं में जहरीली गैस के रिसाव की आशंका को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को बुलाया गया।
एसडीआरएफ ने रस्सी की मदद से एक जलते दिये को कुएं में उतारा था। जब कुएं के भीतर दीया बुझ गया तब कुएं में जहरीली गैस होने की पुष्टि की गई। इसके बाद आवश्यक सुरक्षा उपकरणों और अन्य साधनों की मदद से रात लगभग 10 बजे तक दोनों शवों को बाहर निकाला गया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
अधिकारी ने कहा कि आशंका है कि कुएं में जहरीली गैस फैली होने की वजह से पहले दोनों भाई बेहोश होकर पानी में गिर गए तथा कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते सोमवार को इसी तरह की एक अन्य घटना में कुएं में उतरे कैलाश दास गोस्वामी (40) और उसके पुत्र अंशु (15) की मौत हो गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 03:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

