देश की खबरें | नंदनकानन चिड़ियाघर में बाघ के सफेद शावक की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भुवनेश्वर के नंदनकानन चिड़ियाघर में बाघ के सफेद शावक की मौत हो गई जो सात माह का था। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भुवनेश्वर, दो जून भुवनेश्वर के नंदनकानन चिड़ियाघर में बाघ के सफेद शावक की मौत हो गई जो सात माह का था। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
चिड़ियाघर के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले साल दो नवंबर को बाघ कृष्णा और सफेद बाघिन रूपा से जन्मे सफेद शावक में मार्च में पैर खराब होने के लक्षण देखे गए थे और उसे नियमित चिकित्सा देखभाल में रखा गया।
उन्होंने बताया कि उसका एक्सरे, सीटी स्कैन किया गया, दवाएं दी गई और पोषण की पूर्ति करने के लिए पूरक खाद्य पदार्थ दिए गए।
वन्यजीव स्वास्थ्य केंद्र (सीडब्ल्यूएच) के विशेषज्ञों ने भी शावक की जांच की और खून की जांच में कोई बड़ी असामान्यता नहीं पाई गई। उन्होंने बताया कि शुरुआत में स्वास्थ्य में सुधार के बावजूद शावक में लंगड़ा कर चलने के लक्षण दिखाई दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि 31 मई की रात को शावक ने सामान्य तौर पर खाना खाया और उसमें परेशानी के कोई लक्षण नहीं दिखे। अधिकारी ने बताया कि हालांकि, अगले दिन (एक जून) शावक में परेशानी देखी गई और शाम को उसकी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा।
चिड़ियाघर प्राधिकरण के लिए चिंता की बात यह है कि रूपा के अन्य शावकों में भी यही लक्षण दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच और उपचार जारी है।
खारी नरेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 02, 2025 02:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

