गुजरत में कोविड-19 से संक्रमित हेड-कांस्टेबल की मौत
गुजरात में अभी तक अहमदाबाद की एक महिला एसीपी और एक निरीक्षक समेत पूरे 300 से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
अहमदाबाद, 18 मई अहमदाबाद में तैनात एक हेड कांस्टेबल की सोमवार सुबह कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण से किसी पुलिकर्मी की मौत का यह पहला मामला है।
गुजरात में अभी तक अहमदाबाद की एक महिला एसीपी और एक निरीक्षक समेत पूरे 300 से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
गुजरात पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार संक्रमण की चपेट में आए पुलिसकर्मियों में से 109 अब भी संक्रमित हैं। 225 पुलिसकर्मी संक्रमण से उबर चुके हैं।
अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त आशीष भाटिया ने बताया कि कृष्णानगर पुलिस थाने में तैनात हेड कांस्टेबल की सोमवार सुबह गांधीनगर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
भाटिया ने कहा, "हेड कांस्टेबल की कोविड-19 के इलाज के दौरान मौत हो गई। यह पुलिस बल के लिए एक बड़ी क्षति है। हमारी उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना है।"
सरदारनगर के रहने वाले 40 वर्षीय पुलिसकर्मी में 16 मई को कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
पुलिस उपायुक्त, (नियंत्रण कक्ष) विजय पटेल ने कहा हालत स्थिर होने के कारण हेड कांस्टेबल ने घर पर ही पृथक-वास में रहने का विकल्प चुना।
उन्होंने कहा, "रविवार दोपहर को सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान सोमवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 08:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

