देश की खबरें | महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी की मृत्यु
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में मंगलवार को कांग्रेस सेवा दल के एक पदाधिकारी की, पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मृत्यु हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नांदेड़ (महाराष्ट्र), आठ नवंबर महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में मंगलवार को कांग्रेस सेवा दल के एक पदाधिकारी की, पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान मृत्यु हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सेवा दल के महासचिव कृष्ण कुमार पांडेय के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पांडेय ने अंतिम क्षण तक राष्ट्रीय ध्वज को थामे रखा।
राहुल गांधी ने पांडेय के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा, "देश के प्रति उनका समर्पण हमें प्रेरित करता रहेगा।"
जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश और अन्य के साथ चलते समय पांडेय को सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी महसूस हुई।
उन्होंने बताया कि पांडेय को एम्बुलेंस से शंकर नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, अधिकारी ने बताया कि वह नागपुर के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल ले जाया गया।
रमेश ने कहा कि पांडेय तिरंगा थामे हुए थे। पांडेय यात्रा में उनके और पार्टी के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के साथ चल रहे थे।
रमेश ने ट्वीट किया, "कुछ मिनटों के बाद, जैसा कि चलन है, उन्होंने झंडा एक सहयोगी को सौंप दिया और पीछे चले गए। इसके बाद वह बेहोश होकर गिर पड़े और उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।"
रमेश ने कहा, "वह एक पक्के कांग्रेसी थे और नागपुर में आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) से मुकाबला करते थे। यह सभी यात्रियों के लिए सबसे दुखद घड़ी है।"
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, "यात्रियों, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी और राहुल गांधी ने आज दोपहर नांदेड़ जिले के अटकली गांव में यात्रा पड़ाव स्थल पर कृष्ण कुमार पांडेय को अंतिम विदाई दी।"
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने भी पांडेय की मृत्यु पर शोक जताया और कहा कि पार्टी ने एक निष्ठावान योद्धा खो दिया है।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ सोमवार रात महाराष्ट्र पहुंची और मंगलवार को अपने 62वें दिन में प्रवेश कर गई।
सोमवार की रात तेलंगाना से यात्रा के महाराष्ट्र में प्रवेश करने के कुछ घंटों बाद राहुल गांधी गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारा यादगारी बाबा जोरावर सिंह जी फतेह सिंह जी गए।
पार्टी ने ट्वीट किया कि गुरुद्वारे में राहुल गांधी ने मत्था टेका तथा सद्भाव और समानता के लिए प्रार्थना की।
मंगलवार को महाराष्ट्र कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी यात्रा में शामिल हुए। इन नेताओं में पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे और अशोक चव्हाण, पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख नाना पटोले के अलावा बालासाहेब थोराट, माणिकराव ठाकरे और नसीम खान भी थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 08, 2022 05:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

