कोटा, 14 मई राजस्थान के बूंदी जिले में एक झील से बृहस्पतिवार को 28 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
पुलिस को शक है कि यह प्रेम प्रसंग टूटने के बाद की गई आत्महत्या का मामला हो सकता है।
बूंदी शहर पुलिस थाने के क्षेत्र प्रभारी लोकेंद्र पालीवाल ने बताया कि यहां से 40 किलोमीटर दूर स्थित जय सागर झील से बृहस्पतिवार को अजित सिंह सोलंकी का शव बरामद किया गया।
आसपास के लोगों ने शव को पानी पर तैरते देखा तो पुलिस को इसको सूचना दी।
पुलिस ने कहा कि सोलंकी शहर की गुरु नानक कॉलोनी में अकेले रहता था और 11 मई से लापता था।
पालीवाल ने कहा कि सोलंकी के मकान मालिक ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी लेकिन सोलंकी के परिजन को उसके लापता होने की सूचना दी थी।
पालीवाल ने बताया कि कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है लेकिन सोलंकी के कमरे से एक डायरी मिली है जिससे पता चलता है कि वह प्रेम संबंध को लेकर तनाव में था।
क्षेत्र प्रभारी ने कहा कि अप्राकृतिक मौत का एक मामला दर्ज कर लिया गया है और शव परीक्षण के बाद उसे सोलंकी के परिजन को सौंप दिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY