देश की खबरें | डीसीडब्ल्यू ने ललिता पार्क बस अड्डे पर ‘स्ट्रीटलाइट नहीं होने' को लेकर सरकार को नोटिस जारी किया

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू)ने ललिता पार्क बस अड्डे और राष्ट्रीय राजधानी के कई अन्य स्थानों की सड़कों पर प्रकाश की व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट) नहीं होने को लेकर दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मालीवाल ने कहा कि आयोग ने कई स्थानों पर औचक निरीक्षण किया और पाया कि स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही हैं जिससे वहां अंधेरा है।

मालीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘शिकायतें मिलने पर कल शाम ललिता पार्क बस अड्डे और कई अन्य जगहों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया कि कई बस अड्डों पर और उनके पास घुप अंधेरा था। यह महिलाओं के लिए बेहद असुरक्षित है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में दिल्ली सरकार के विभाग को नोटिस जारी किया जा रहा है।’’

लोक निर्माण विभाग को जारी नोटिस में मालीवाल ने लिखा, ‘‘15 दिसंबर को शाम छह बजकर 45 मिनट पर रमेश पार्क बस अड्डे के निरीक्षण के दौरान आयोग को यह जानकर हैरानी हुई कि बस अड्डे पर कोई लाइट नहीं थी।’’

नोटिस में कहा गया है, ‘‘साथ ही उस सड़क पर स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही थी। बस अड्डे के पीछे का इलाका भी सुनसान था। पूरे बस अड्डे पर घुप अंधेरा था और महिलाओं तथा लड़कियों के लिए वहां से बस में चढ़ना या उतरना असुरक्षित है।’’

दिल्ली महिला आयोग के अनुसार, रमेश पार्क बस अड्डे से ललिता पार्क तक पुश्ता रोड मार्ग पर औचक निरीक्षण किया गया।

नोटिस में कहा गया है, ‘‘सड़क पर पूरी तरह अंधेरा था क्योंकि कोई भी स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही थी। यह देखा गया कि कई खंभों पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं है जिससे सड़क पर अंधेरा था और वह असुरक्षित थी। आयोग ने ललित पार्क बस अड्डे का भी निरीक्षण किया और वहां भी घुप अंधेरा था।’’

आयोग ने इन इलाकों में स्ट्रीट लाइट के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से बस अड्डों तथा सड़कों पर अंधेरा रहने का कारण बताने को कहा है।

आयोग ने इन बस अड्डों और सड़कों पर ‘डार्क स्पॉट’ के संबंध में एक जनवरी, 2022 से प्राप्त शिकायतों और प्रत्येक शिकायत पर की गई कार्रवाई का विवरण भी मांगा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)