एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस से सबसे अधिक नाराजगी दलितों की, वे ‘बापू-बेटे’ की राजनीति का मोहरा नहीं बनेंगे: मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस की हरियाणा इकाई में कलह होने का दावा करते हुए कहा कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी से सबसे अधिक नाराजगी राज्य के दलित, पिछड़े और वंचित समाज की है और वे ‘बापू-बेटे’ (हुड्डा परिवार) की राजनीति को चमकाने का मोहरा नहीं बनेंगे।

देश की खबरें | कांग्रेस से सबसे अधिक नाराजगी दलितों की, वे ‘बापू-बेटे’ की राजनीति का मोहरा नहीं बनेंगे: मोदी

पलवल (हरियाणा), एक अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कांग्रेस की हरियाणा इकाई में कलह होने का दावा करते हुए कहा कि देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी से सबसे अधिक नाराजगी राज्य के दलित, पिछड़े और वंचित समाज की है और वे ‘बापू-बेटे’ (हुड्डा परिवार) की राजनीति को चमकाने का मोहरा नहीं बनेंगे।

मोदी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए यह आरोप भी लगाया कि कांग्रेस की नस-नस में भ्रष्टाचार दौड़ता है और यह ‘दलालों व दामादों’ की पार्टी बन गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां हरियाणा में कांग्रेस के भीतर जो कलह मची है, उसे भी यहां के लोग देख रहे हैं। कांग्रेस से सबसे अधिक नाराजगी तो दलित, पिछड़े, वंचित समाज की है। दलित समाज ने भी ठान लिया है कि वो बापू-बेटे की राजनीति को चमकाने का मोहरा नहीं बनेंगे।’’

प्रधानमंत्री ने इस दौरान किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा स्पष्ट तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर था। कांग्रेस से दलितों की नाराजगी का उनका इशारा विपक्षी पार्टी की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा से था।

मोदी ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने झूठ का प्रयोग किया था और अब हरियाणा में वह उसी का विस्तार कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को लगता है कि उसका अपना वोटबैंक तो पक्का है। साथ ही वो सोचती है कि लड़ेंगे और बंटेंगे वो लोग जो भारत से प्रेम करते हैं। हमें कांग्रेस की इस सोच और साजिश को कभी भी सफल नहीं होने देना है।’’

उन्होंने कहा कि हरियाणा को संकल्प लेना है कि जो लोग भारत से प्रेम करते हैं, वे सब एकजुट रहेंगे।

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘‘हम एक हैं और हम एक होकर देश के लिए वोट करेंगे। हम एकजुट होकर अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट करेंगे। हम एकजुट होकर अपनी बेटियों की सुरक्षा के लिए वोट करेंगे। हम एकजुट होकर बिना खर्ची-पर्ची के नौकरी के लिए वोट करेंगे। हम एकजुट होकर हरियाणा में नए निवेश, नयी नौकरियों के लिए वोट करेंगे। हम एकजुट होकर अच्छी सड़कों और बेहतर सिंचाई के लिए वोट करेंगे।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार ने करीब 1.5 लाख सरकारी नौकरियां दीं और वो भी बिना ‘खर्ची-पर्ची’ के, साथ ही हजारों कर्मचारियों को पक्का किया।

उन्होंने कहा कि लेकिन अब कांग्रेस वाले फिर वही ‘खर्ची-पर्ची’ व्यवस्था हरियाणा में वापस लाना चाहते हैं और आप पर थोपना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनकी सरकार बनने के दूर-दूर तक आसार नजर नहीं आ रहे हैं। लेकिन लूट-खसोट का बंटवारा अभी से हो गया है। ये है कांग्रेस की सच्चाई। कांग्रेस की नस-नस में भ्रष्टाचार दौड़ता है। ये दलालों और दामादों की पार्टी बन गई है।’’

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस के राज में यहां जमीन की दलाली करने वाले मालामाल हो गए जबकि किसान को सिर्फ 2 रुपये का मुआवजा मिला।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हरियाणा के किसानों के सामने तारे तोड़कर लाने की बातें कर रही है लेकिन जहां इनकी सरकार है, वहां ये अपना एक भी वादा लागू नहीं कर पाए।

उन्होंने कहा, ‘‘यानी कांग्रेस की नीयत में ही खोट है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा परिणाम पर ध्यान केंद्रित करती है जबकि कांग्रेस कभी भी खुद मेहनत नहीं करती।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस को लगता था कि 10 साल हो गए, हरियाणा वाले उन्हें थाली में परोसकर सत्ता दे देंगे। यही गलतफहमी कांग्रेस को मध्यप्रदेश में भी थी, वहां भी कांग्रेस के लोग पहले ही जीत का जश्न मनाने लगे थे। लेकिन मध्यप्रदेश की जनता ने वोटिंग के दिन कांग्रेस को दिन में तारे दिखा दिए।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सिर्फ और सिर्फ एक ही एजेंडा है और वह है वोट के लिए ज्यादा से ज्यादा तुष्टीकरण।

उन्होंने दावा किया, ‘‘कांग्रेस आज कह रही है कि वह दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देगी। कर्नाटक में इन्होंने यही तो किया है। वहां कांग्रेस की सरकार बनते ही इन्होंने दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर उसे अपने वोटबैंक में बांट दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब तक भाजपा है, जब तक मोदी है...एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय को संविधान से मिले आरक्षण का हक कोई नहीं छीन सकता।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग उन्हें दिन-रात गाली देते हैं और अब वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी गालियां दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा गुनाह यही है कि हम ओबीसी... अति पिछड़ी मां की कोख से पैदा हुए हैं। इसलिए ये हमें गालियां दे रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने हरियाणा के हर गांव में भाजपा की लहर होने और लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया।

राज्य में पांच अक्टूबर को मतदान होना है जबकि मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 01, 2024 05:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).