देश की खबरें | दलित नेता उदय भान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले, अपनी हरियाणा इकाई के वरिष्ठ नेता उदय भान को प्रदेश कांग्रेस समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल कांग्रेस ने दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले, अपनी हरियाणा इकाई के वरिष्ठ नेता उदय भान को प्रदेश कांग्रेस समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से बुधवार को जारी एक बयान के मुताबिक, उदय भान को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष नियुक्त करने के साथ श्रुति चौधरी, राम किशन गुज्जर, जितेंद्र कुमार भारद्वाज और सुरेश गुप्ता को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।
पूर्व सांसद श्रुति चौधरी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति की वरिष्ठ नेता किरण चौधरी की पुत्री हैं।
उदय भान हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी माने जाते हैं। वह सहकारिता मंत्रालय के तहत आने वाले कृषक भारती कोॉपरेटिव लि. (कृभको) के अध्यक्ष और होडल तथा हसनपुर दोनों विधानसभा क्षेत्रों से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने कुमारी सैलजा का स्थान लिया है।
सैलजा ने उन्हें बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उदय भान जी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देती हूं। कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर श्रुति चौधरी जी, रामकिशन गुर्जर जी, जितेंद्र भारद्वाज जी, सुरेश गुप्ता जी को भी शुभकामनाएं देती हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी और जनता की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाएगी।’’
पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने कहा कि उदय भान के अध्यक्ष बनने से हरियाणा में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
उदय भान हरियाणा की राजनीति के चर्चित चेहरे गया लाल के पुत्र हैं। हरियाणा में 'आया राम, गया राम' का मुहावरा दलबदल के पर्याय के रूप में 1960 के दशक में तब सुर्खियों में आया जब हरियाणा की हसनपुर (सुरक्षित) विधानसभा सीट से विधायक गया लाल ने एक ही दिन में तीन बार पार्टी बदली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2022 02:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

