देश की खबरें | बरेली में डेयरी संचालक की हत्या, मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में किला थाना में छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक (शहर) रविंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को बीयर पीने के दौरान डेयरी संचालक आदिल (25) ने मलूकपुर मोहल्ला निवासी अकलीम बेग, अंजुम और अनम को अपशब्द कह दिया।

कुमार ने बताया कि इस पर विवाद इतना बढ़ा कि अनम ने आदिल के सिर पर बीयर की बोतल मार दी, इस पर पैदा हुये विवाद के चलते दोनों पक्ष किला थाना पहुंचे जहां पुलिस ने दोनों पक्षों में लिखित समझौता करा दिया।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे आदिल और उसका दोस्त नदीम खाना लेने होटल जा रहे थे तभी जसौली बाजार में अकलीम बेग, अंजुम, अनम, सलीम, फरीदी और एनुल ने आदिल को रोककर पीटना शुरू कर दिया और अचानक अंजुम ने तमंचा निकालकर आदिल के सीने से सटाकर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि नदीम बचाने के लिये बढ़ा तो उसके सिर पर भी तमंचे के बट से वार कर आरोपी फरार हो गये। अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने आदिल और नदीम को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने आदिल को मृत घोषित कर दिया और नदीम का उपचार चल रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)