जरुरी जानकारी | डाबर का मार्च तिमाही का शुद्ध लाभ 16.5 प्रतिशत बढ़कर 341.22 करोड़ रुपये पर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रोजमर्रा के इस्तेमाल के घरेलू उत्पाद (एफएमसीजी) बनाने वाली स्वदेशी कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड का बीते वित्त वर्ष की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 16.55 प्रतिशत बढ़कर 341.22 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने कहा कि लागत में कमी तथा वितरण नेटवर्क में विस्तार की वजह से उसका मुनाफा बढ़ा है।
नयी दिल्ली, दो मई रोजमर्रा के इस्तेमाल के घरेलू उत्पाद (एफएमसीजी) बनाने वाली स्वदेशी कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड का बीते वित्त वर्ष की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 16.55 प्रतिशत बढ़कर 341.22 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने कहा कि लागत में कमी तथा वितरण नेटवर्क में विस्तार की वजह से उसका मुनाफा बढ़ा है।
वित्त वर्ष 2022-23 की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 292.76 करोड़ रुपये रहा था।
डाबर इंडिया लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी परिचालन आमदनी मार्च तिमाही में 5.11 प्रतिशत बढ़कर 2,814.64 करोड़ रुपये हो गई है, जो एक साल पहले समान अवधि में 2,677.80 करोड़ रुपये थी।
डाबर इंडिया का कुल खर्च मार्च तिमाही में 3.67 प्रतिशत बढ़कर 2,490.43 करोड़ रुपये रहा।
डाबर इंडिया की कुल आय मार्च तिमाही में 5.18 प्रतिशत बढ़कर 2,943.49 करोड़ रुपये रही है।
पूरे वित्त वर्ष 2023-24 के लिए कंपनी का शुद्ध लाभ 6.46 प्रतिशत बढ़कर 1,811.31 करोड़ रुपये रहा है, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 1,701.33 करोड़ रुपये था।
बीते वित्त वर्ष में कंपनी की परिचालन आय 7.58 प्रतिशत बढ़कर 12,404.01 करोड़ रुपये रही थी, जो 2022-23 में 11,529.89 करोड़ रुपये था।
डाबर इंडिया ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि इसके साथ ही उसकी एकीकृत आमदनी 12,000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई।
डाबर इंडिया का शेयर बृहस्पतिवार को बीएसई पर 4.03 प्रतिशत वृद्धि के साथ 528 रुपये पर बंद हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2024 04:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

