जरुरी जानकारी | डाबर इंडिया की मध्यप्रदेश में 550 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. डाबर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मोहित मल्होत्रा ने सोमवार को कहा कि उनकी कंपनी अगले कुछ वर्षों में मध्यप्रदेश में लगभग 550 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है।
भोपाल, 24 फरवरी डाबर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मोहित मल्होत्रा ने सोमवार को कहा कि उनकी कंपनी अगले कुछ वर्षों में मध्यप्रदेश में लगभग 550 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है।
मध्यप्रदेश वैश्विक निवेशक सम्मेलन-2025 में उन्होंने कहा, ‘‘हमने मध्यप्रदेश में भारी निवेश किया है। भारत में हमारा सबसे बड़ा निवेश मध्यप्रदेश में हुआ है। हमने यहां पहले ही लगभग 1,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। हम इस राज्य में लगभग 50 वर्षों से निवेश कर रहे हैं। पिछली सरकार में मध्यप्रदेश के साथ हमारा अनुभव शानदार रहा है, और उम्मीद है कि नए मुख्यमंत्री के साथ आगे बढ़ना शानदार रहेगा।’’
मल्होत्रा ने कहा कि रोजमर्रा के घरेलू उत्पाद (एफएमसीजी) बनाने वाली इस प्रमुख कंपनी ने पिछले तीन वर्षों में देश के इस हृदय स्थल में 550 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
उन्होंने कहा कि कंपनी के कच्चा माल लाने और विनिर्माण से लेकर क्षेत्र में इसे बेचने तक के मामले में, अखिल भारतीय उत्पादन का 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा मध्यप्रदेश से आता है।
मल्होत्रा ने कहा, ‘‘हम अपनी स्थापित क्षमता को सभी लाइनों, फिलिंग लाइनों, विनिर्माण लाइनों में बढ़ाना चाहते हैं। हम अगले कुछ वर्षों में लगभग 550 करोड़ रुपये और लगाएंगे।’’
सरकार को ‘डबल इंजन’ कहते हुए उन्होंने कहा कि यह बहुत मददगार रहा है, जिसमें केंद्र सरकार की उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के अलावा 25 प्रतिशत की प्रोत्साहन देने वाली बड़ी परियोजना योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने राज्य में पानी और बिजली प्रचुर मात्रा में उपलब्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी सुविधा, एक ही जगह सभी प्रकर की मंजूरी बढ़ी है और प्रोत्साहन बहुत अच्छे हैं।
श्रेणी विस्तार योजनाओं पर मल्होत्रा ने कहा कि डाबर खुद को मूल में रखना चाहता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इसमें बहुत अधिक विविधता नहीं लाना चाहते। विविधता हमारी समूह कंपनियों में होती है। कंपनी में हम अपनी मुख्य क्षमताओं, आयुर्वेद...हर्बल, प्राकृतिक व्यापार पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं, और यह न केवल भारत में बल्कि विश्व स्तर पर फैल रहा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)