Cyclone 'Fengal: चक्रवात ‘फेंगल’ पुडुचेरी के पास स्थिर, अगले तीन घंटे में कमजोर पड़ने की संभावना; आईएमडी
पुडुचेरी के निकट शनिवार को पहुंचा चक्रवात ‘फेंगल’ केंद्र शासित प्रदेश के पास स्थिर बना हुआ है और अगले तीन घंटे में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को यह जानकारी दी.
चेन्नई, 1 दिसंबर : पुडुचेरी के निकट शनिवार को पहुंचा चक्रवात ‘फेंगल’ केंद्र शासित प्रदेश के पास स्थिर बना हुआ है और अगले तीन घंटे में इसके धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को यह जानकारी दी. इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि चेन्नई हवाई अड्डे पर निलंबित हवाई सेवाएं शनिवार आधी रात के बाद फिर से शुरू हो गईं लेकिन कई उड़ानें रद्द कर दी गईं या उनमें देर हुई.
आईएमडी-क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अतिरिक्त महानिदेशक एस बालचंद्रन ने रविवार सुबह साढ़े सात बजे ताजा जानकारी देते हुए बताया कि पुडुचेरी में 46 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. उन्होंने बताया कि चक्रवात ‘फेंगल’ ने शनिवार शाम साढ़े पांच बजे पुडुचेरी के पास पहुंचना शुरू किया था और ‘‘रात साढ़े 10 बजे से रात साढ़े 11 बजे के बीच’’ यह प्रक्रिया पूरी हुई. यह अब पुडुचेरी के करीब है. उन्होंने कहा, ‘‘इसके धीरे-धीरे पश्चिम की ओर बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर उत्तर तटीय तमिलनाडु तथा पुडुचेरी पर एक गहरे दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है.’’ यह भी पढ़ें : Cyclone Fengal: तट की ओर बढ़ रहा चक्रवात फेंगल, समुद्र में तूफान की हलचल तेज; देखें Video
तमिलनाडु के विल्लुपुरम जिले के मैलम में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से रविवार सुबह साढ़े पांच बजे तक 50 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पुडुचेरी में 46 सेंटीमीटर बारिश हुई. पुडुचेरी में हुई यह सबसे अधिक बारिश है. उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 2004 को केंद्र शासित प्रदेश में 21 सेमी बारिश हुई थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 01, 2024 08:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

