देश की खबरें | चक्रवात ‘दाना’ : कोलकाता में उड़ान, ट्रेन सेवाएं बहाल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पड़ोसी राज्य ओडिशा के तट पर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हालात सामान्य होते देख शुक्रवार सुबह आठ बजे से पश्चिम बंगाल के कोलकाता हवाई अड्डे पर परिचालन बहाल कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कोलकाता, 25 अक्टूबर पड़ोसी राज्य ओडिशा के तट पर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद हालात सामान्य होते देख शुक्रवार सुबह आठ बजे से पश्चिम बंगाल के कोलकाता हवाई अड्डे पर परिचालन बहाल कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी रेलवे के सियालदह मंडल के दक्षिण खंड पर पूर्वाह्न 10 बजे ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गईं। चक्रवात के कारण ये सेवाएं रद्द कर दी गई थीं।

कोलकाता में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों ने चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के मद्देनजर एहतियाती उपाय के तौर पर बृहस्पतिवार शाम से परिचालन निलंबित कर दिया था।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के प्रवक्ता के अनुसार, पहली उड़ान सुबह आठ बजकर 40 मिनट पर कोलकाता से रवाना हुई।

उन्होंने बताया कि यहां से कोलकाता-इंफाल मार्ग पर विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ के विमान ने पहली उड़ान भरी।

एएआई के प्रवक्ता ने बताया कि यहां उतरने वाली पहली उड़ान विमानन कंपनी ‘विस्तारा’ की थी। दिल्ली से रवाना हुई यह उड़ान सुबह करीब आठ बजकर 45 मिनट पर यहां उतरी।

कोलकाता हवाई अड्डे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के मद्देनजर कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कल परिचालन बंद किए जाने के बाद आज सुबह आठ बजे इसे बहाल कर दिया गया।’’

हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि हवाईअड्डे को बृहस्पतिवार शाम छह बजे परिचालन बंद करना था और शुक्रवार सुबह नौ बजे से परिचालन फिर से शुरू करना था, लेकिन शुक्रवार सुबह मौसम अधिक अनुकूल होने के कारण उड़ानों का संचालन सुबह आठ बजे शुरू कर दिया गया।

हालांकि कोलकाता हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बृहस्पतिवार शाम छह बजे से निलंबित किया जाना था, लेकिन इसमें थोड़ी देरी हुई।

हवाई अड्डे के निदेशक प्रवत रंजन बेउरिया ने कहा था, “बृहस्पतिवार को, इंडिगो की अमृतसर-कोलकाता उड़ान यहां पहुंचने वाली आखिरी उड़ान थी, जो शाम 6:11 बजे उतरी। आखिरी उड़ान शाम सात बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुई।”

एएआई प्रवक्ता ने कहा कि परिचालन क्षेत्र में पानी नहीं भरा हुआ था, इसलिए सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।

उन्होंने बताया कि चक्रवात के कारण अब तक किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

इस बीच, रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि सियालदह मंडल के दक्षिण खंड में ट्रेन सेवाएं सुबह 10 बजे से बहाल कर दी गईं और खंड से गुजरने वाली पहली ट्रेन सोनारपुर लोकल थी।

उन्होंने बताया कि दिन के समय धीरे-धीरे और भी सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।

चक्रवाती तूफान के मद्देनजर दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) ने 23 से 27 अक्टूबर के बीच 170 से अधिक एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेन को रद्द करने की सूचना जारी की थी। एसईआर का क्षेत्राधिकार पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड तक है।

इसके अलावा, पूर्वी रेलवे ने शुक्रवार सुबह के लिए हावड़ा मंडल की 68 उपनगरीय सेवाओं को रद्द कर दिया, जबकि सियालदह स्टेशन से सभी ट्रेन बृहस्पतिवार शाम से 25 अक्टूबर सुबह तक रद्द रहीं।

शुक्रवार की सुबह भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, दक्षिणी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।

हालांकि, चक्रवाती तूफान आधी रात से ओडिशा तट को पार कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\