देश की खबरें | चक्रवात 'बिपारजॉय': बीएसएफ ने गुजरात में गश्ती नौकाओं के सुरक्षित लंगर डालने का आदेश दिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने चक्रवाती तूफान 'बिपारजॉय' के मद्देनजर गुजरात मोर्चे पर अपनी समुद्री इकाई की परिसंपत्तियों को 'सुरक्षित स्थिति' में रखने का आदेश दिया है।
अहमदाबाद, 12 जून सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने चक्रवाती तूफान 'बिपारजॉय' के मद्देनजर गुजरात मोर्चे पर अपनी समुद्री इकाई की परिसंपत्तियों को 'सुरक्षित स्थिति' में रखने का आदेश दिया है।
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सभी समुद्री नौकाओं और लगभग एक दर्जन तैरती सीमा चौकियों (छोटे जहाजों) को सुरक्षित लंगर में ले जाया जा रहा है।
इन परिसंपत्तियों का उपयोग बीएसएफ द्वारा इस मोर्चे पर समुद्री, क्रीक और दलदली क्षेत्रों में गश्त के लिए किया जाता है।
अधिकारी ने कहा कि बल की सीमा इकाइयों को "सावधानी बरतने" के लिए कहा गया है, यहां तक कि बीएसएफ की गुजरात सीमा पर स्थित सभी संरचनाओं के लिए चक्रवात संबंधी सामान्य अलर्ट भी जारी किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को कहा कि 'बिपारजॉय' के कच्छ जिले में जखाऊ बंदरगाह के पास बृहस्पतिवार दोपहर 'अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान' के रूप में टकराने की संभावना है, जिसकी हवाओं की अधिकतम रफ्तार 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
सीमा बल ने अपने कर्मियों की एक छोटी टीम भी तैयार की है जो प्रशासन के आग्रह पर चक्रवात से पहले या बाद में बचाव दल के रूप में कार्य करने के लिए तैयार है।
चक्रवात को 'बिपारजॉय' नाम बांग्ला में बांग्लादेश द्वारा दिया गया है जिसका मतलब ‘आपदा’ है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)