पश्चिम बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘असानी’, पूर्वी तट के समानांतर बढ़ने के आसार
बंगाल की खाड़ी में रविवार को दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के ऊपर बना गहरा दबाव वाला क्षेत्र बीते छह घंटों के दौरान 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ चक्रवाती तूफान ‘असानी’ में बदलकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की दिशा में बढ़ गया.
नयी दिल्ली/भुवनेश्वर, 8 मई : बंगाल की खाड़ी में रविवार को दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के ऊपर बना गहरा दबाव वाला क्षेत्र बीते छह घंटों के दौरान 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ चक्रवाती तूफान ‘असानी’ में बदलकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की दिशा में बढ़ गया. दबाव क्षेत्र सुबह करीब 5.30 बजे बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में कार निकोबार (निकोबार द्वीप समूह) से करीब 450 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर पश्चिम, पोर्ट ब्लेयर से 380 किलोमीटर पश्चिम, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 970 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और पुरी (ओडिशा) से 1030 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित था.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, ‘‘चक्रवात के उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है.’’ मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवाती तूफान के 10 मई तक उत्तर-पश्चिम की दिशा में और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र से सटे उत्तर आंध्र प्रदेश एवं ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं. इसके बाद, यह उत्तर-उत्तर पूर्वी दिशा की तरफ मुड़कर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में ओडिशा तट की ओर बढ़ सकता है. यह भी पढ़ें : UP: सीट छोड़ युवक ने चलती कार पर किया खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस निकालेगी हीरोगिरी
आईएमडी के महानिदेशक (डीजी) मृत्युंजय मोहपात्रा ने शनिवार को स्पष्ट किया था कि चक्रवात के ओडिशा या आंध्र प्रदेश के तटवर्ती क्षेत्रों से टकराने की आशंका नहीं है, लेकिन यह समुद्र में तटीय क्षेत्र के समानांतर गमन करेगा. मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात के तटीय क्षेत्र से टकराए बिना अगले हफ्ते तक कमजोर पड़ने की संभावना है. विभाग के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों पर मंगलवार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की आशंका है. विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान का नाम ‘असानी’ रखा गया है, जो ‘क्रोध’ के लिए इस्तेमाल सिंहली का शब्द है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2022 12:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

