देश की खबरें | साइबर ठगों ने बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी से डेढ़ लाख रुपये ठगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी से साइबर ठगों ने निजी बैंक के उनके खाते की जानकारियों को अद्यतन कराने के नाम पर 1.5 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, 10 अक्टूबर बॉलीवुड अभिनेता आफताब शिवदासानी से साइबर ठगों ने निजी बैंक के उनके खाते की जानकारियों को अद्यतन कराने के नाम पर 1.5 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बांद्रा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को हुई तथा अगले दिन इसके संबंध में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘ अभिनेता को किसी अज्ञात मोबाइल नंबर से संदेश मिला। उस संदेश में उन्हें बैंक से संबंधित केवाईसी (अपने ग्राहक को जानो) जानकारियां अद्यतन कराने का निर्देश दिया गया था और ऐसा नहीं होने पर खाते को निलंबित किए जाने की चेतावनी दी गई थी। शिवदासानी ने उस संदेश में उल्लेखित लिंक पर क्लिक किया। इसके बाद उन्होंने अन्य निर्देशों का पालन किया जिसके बाद उन्हें संदेश आया कि उनके खाते से 1,49,999 रुपये निकल गये हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि तब शिवदासानी ने सोमवार को बैंक प्रबंधक से संपर्क किया और उनकी सलाह के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी।
उन्होंने कहा धारा 420 (ठगी) समेत भादंसं और सूचना प्रौद्योगिकी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा इसकी जांच की जा रही है।
शिवदासानी ‘मस्त’, ‘मस्ती’, ‘हंगामा’ समेत कई बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 10, 2023 03:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

