जरुरी जानकारी | एसबीआई के डिजिटल बदलाव के उपायों से ग्राहकों को काफी लाभ हुआ : सीतारमण
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि पिछले एक दशक में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के डिजिटल बदलाव के लिए उठाए गए कदमों से उसके ग्राहकों को काफी फायदा हुआ है।
नयी दिल्ली, एक जुलाई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि पिछले एक दशक में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के डिजिटल बदलाव के लिए उठाए गए कदमों से उसके ग्राहकों को काफी फायदा हुआ है।
राष्ट्र की सेवा में 70 वर्ष पूरे करने पर एसबीआई को बधाई देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि 2047 तक ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए बैंक द्वारा नवोन्मेषण और सशक्तीकरण जारी रखने की उम्मीद है।
सीतारमण ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ 23,000 से अधिक शाखाओं, 78,000 ग्राहक सेवा केंद्रों (सीएसपी) और 64,000 एटीएम के साथ आज एसबीआई की स्थिति बहुत मजबूत है। यह वाकई हर भारतीय का बैंक है। पिछले दशक में इसने जो डिजिटल बदलाव हासिल किया है, वह इसके ग्राहकों के लिए काफी फायदेमंद रहा है।
उन्होंने कहा कि एसबीआई ने 1.5 करोड़ किसानों, महिलाओं द्वारा संचालित 1.3 करोड़ स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), पीएम स्वनिधि के तहत 32 लाख रेहड़ी पटरी वालों, 23 लाख सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों और विभिन्न योजनाओं के तहत लाखों कारीगरों को सहायता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि एसबीआई के पास 15 करोड़ से अधिक जन धन खाते, 14.65 करोड़ पीएम सुरक्षा बीमा योजना, 1.73 करोड़ अटल पेंशन योजना और सात करोड़ पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभार्थी हैं।
एसबीआई ने अपनी 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर देश के नवीकरणीय ऊर्जा बदलाव प्रयासों में मदद करने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 तक 40 लाख घरों को ‘‘सौर ऊर्जा से संचालित’’ करने की योजना की घोषणा की है।
एसबीआई के चेयरमैन सी. एस. शेट्टी ने कहा, ‘‘ आज, हम अपने लोगों, प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे में निवेश कर रहे हैं ताकि अधिक जिम्मेदारी के साथ एक अरब लोगों की आकांक्षाओं को पूरा किया जा सके। हमारा लक्ष्य सिर्फ बड़े पैमाने पर नेतृत्व करना नहीं बल्कि एक उद्देश्य के साथ नेतृत्व करना है...भारत को अधिक न्यायसंगत और मजबूत भविष्य की ओर ले जाना है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 02:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

